सपा सरंक्षक मुलायम सिंह की तबीयत खराब, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव से जाना हाल

कोरोना वैक्सीन की 23 दिन पहले एक डोज लेने वाले समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत गुरुवार को अचानक ही बिगड़ गई है। इस दौरान उनको बेचैनी होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी जांच चल रही है। यहीं पर उन्होंने 23 दिन पहले ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को फोन कर 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगडऩे पर उनको गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। गुरुवार को मुलायम सिंह यादव को बेचैनी की शिकायत हुई थी। उनकी शारीरिक और सामान्य जांच की जा रही हैं। उनकी कई जांच हुई। सपा संरक्षक लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव ने सात जून यानी 23 दिन पहले कोरोना की वैक्सीन लगवाई थी। मुलायम सिंह को अक्सर पेट में दर्द की शिकायत रहती है। हाल के दिनों में कई बार वो अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। इसी साल मई में उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। पेट में दर्द की शिकायत के बाद उनको मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बीते दिसंबर महीने में भी मुलायम सिंह को पेट में शिकायत के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे भी पहले अगस्त में भी उन्हेंं भर्ती कराया गया था। नवंबर 2019 में मुलायम सिंह यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जून 2019 में भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उनको गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उनको यूरिनरी रिटेंशन की शिकायत बताई गई थी।