कोलारस थाना क्षेत्र के डोंडियाई गांव में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पाइप 11 केवी की झूलती बिजली लाइन से टकरा गया। करंट फैलने से ट्रॉली में बैठी महिला और एक बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
राजस्थान के बांरा के खेरली-शाहपुरा गांव निवासी लीला बाई बंजारा (22) और अनिल बंजारा (8) भूसा खरीदने परिवार के साथ गांव आए थे। ट्रॉली पर लगा 14 फीट ऊंचा लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से टकराते ही ट्रॉली में करंट दौड़ गया।
हादसे में लीला बाई झुलस गईं। अनिल के पैर जल गए। दोनों की मौके पर मौत हो गई। ट्रैक्टर चला रहे विनोद बंजारा (25) और केशर बाई (35) घायल हुए हैं। विक्रम बंजारा, पिंकी बाई और दो बच्चों ने ट्रॉली से कूदकर जान बचाई। इसी गांव में दो साल पहले भी 11 केवी लाइन से दो लोगों की मौत हुई थी।
आबादी में हाईटेंशन की ऊंचाई 20 फीट हो
विद्युत प्राधिकरण के अनुसार- आबादी क्षेत्र में 11 केवी लाइन की ऊंचाई 19-20 फीट होना जरूरी है, जबकि मौके पर लाइन 12-13 फीट पर झूल रही थी। गर्मी में तार ढीले होने के बावजूद टाइटनिंग नहीं की गई। वहीं, बिजली कंपनी के डीजीएम विश्वभूषण उपाध्याय ने कहा कि ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप हाईटेंशन लाइन से टकराने की वजह से हादसा हुआ है।