आज भाजपा का 47वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर मध्यप्रदेश के 17 जिलों में कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। भोपाल के प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। यहीं से भूमिपूजन के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअली जुड़े।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि भारत तीसरा देश बन गया है, जो अपने दुश्मनों को उनके देश में घुसकर मारता है, जो हमारे अपने देश के अंदर कष्ट देते हैं।
मोदी जी के माध्यम से धुरंधर 2 का समय चल रहा है, लेकिन हमें धुरंधर 1 का समय भी याद आता है। हमें मालूम है कि नकली नोट छाप-छापकर पाकिस्तान परेशान करता था। उस पाकिस्तान को भी क्या ठिकाने लगाया। यह असली धुरंधर का जमाना है।
अपनी परेशानियों का समाधान अपने पास ही है। जब समर्थ और सामर्थ्यशाली नेतृत्व होता है, तो सारे उलझे-सुलझे प्रश्नों का उत्तर मिलता है। तभी तो विक्रमादित्य बनारस में जाकर धर्म की जय-जयकार करते हैं।
सीएम बोले- हमने भाजपा को देखा, जिसकी विचारधारा अमर हो गई
सीएम ने कहा- कौन सा फीनिक्स पक्षी है जो राख बनकर फिर जीवित हो जाता है, हमने वह पक्षी नहीं देखा, लेकिन हमने भाजपा को देखा है, जिसकी विचारधारा अटल और अमर हो गई है। हमारे नेताओं का चरित्र और दर्शन अद्भुत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व से भाजपा के हर कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन का दौर लंबे समय तक चला, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार ने अपने वादों को पूरा किया और 24 दलों के साथ सफलतापूर्वक शासन चलाया।
प्रदेश अध्यक्ष बोले- 52 जिलों में बीजेपी कार्यालय हो, हमारा लक्ष्य
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सहभागिता पर आधारित है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और अन्य नेताओं ने आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने मूल विचारों से कभी समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी 17 जिलों में कार्यालय निर्माण की शुरुआत कर रही है। लक्ष्य है कि अगले स्थापना दिवस से पहले प्रदेश के सभी 52 जिलों में भाजपा के अपने कार्यालय हों।
खंडेलवाल ने बताया कि प्रत्येक कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और पुस्तकालय की व्यवस्था होगी। यहां संगठन और पार्टी विचारधारा से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।
दिवगंत नेताओं के परिजनों का हुआ सम्मान
भोपाल में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम-प्रदेशाध्यक्ष के अलावा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल समेत में भाजपा के पदाधिकारी, स्थानीय मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
इस मौके पर बीजेपी नेताओं ने दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिजनों का सम्मान किया। पूर्व विधायक स्वर्गीय रमेश शर्मा के परिजनों का सम्मान करने के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं मंच से नीचे उतरकर उनके पास पहुंचे।
इसके बाद सीएम, प्रदेशाध्यक्ष का संबोधन हुआ फिर बीजेपी कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। एमपी के 17 जिलों में भाजपा के जिला कार्यालयों के लिए जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी थी। अब यहां जिला कार्यालयों का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हुआ है।
कल से शुरू होगा गांव-बस्ती चलो अभियान
बीजेपी कल यानी 7 से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाएगी। इस अभियान में सांसद, विधायक, महापौर और नगर पालिका अध्यक्षों से लेकर पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेताओं को भाग लेना होगा।
विधानसभावार 50 गांवों का चयन: पुराने कार्यकर्ताओं के घर पहुंचेंगे नेता
इस अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 बड़े गांवों को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रमों की सूची तैयार की गई है। इन गांवों में जाने वाले नेता केवल जनसभाएं ही नहीं करेंगे, बल्कि पार्टी की नींव रखने वाले पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका आदर-पूर्वक सम्मान भी करेंगे ।
केवल भाषण न दें, बल्कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलें
अभियान के दौरान गांवों के सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के बड़े नेता स्वयं झाड़ू थामकर श्रमदान करेंगे। इसके बाद चौपालों पर केंद्र की मोदी सरकार और एनडीए शासित प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि कार्यकर्ता केवल भाषण न दें, बल्कि उन लाभार्थियों से भी मिलें जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। इन लाभार्थियों के साथ जनसंपर्क कर उनके अनुभव के वीडियो बनाए जाएंगे और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा ताकि सरकार के काम का वास्तविक असर जनता के सामने आ सके।