CM नीतीश ने विधान परिषद गेस्टहाउस का किया उद्घाटन:सम्राट चौधरी के सामने लगे ‘निशांत कुमार CM जिंदाबाद’ के नारे, सभापति अवधेश नारायण रहे मौजूद

पटना में विधान परिषद गेस्ट हाउस का सीएम नीतीश कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही कैंटीन, पुस्तकालय और सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे भवन का निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं को देखा।

सीएम नीतीश ने कहा कि, ‘यह अतिथि निवास बहुत अच्छा बना है। इससे विधान परिषद के सदस्यों को काफी सुविधा मिलेगी।

गेस्ट हाउस के उद्घाटन के बाद नीतीश कुमार के सामने ही जदयू कार्यकर्ताओं ने ‘निशांत कुमार सीएम जिंदाबाद’ के जमकर नारे लगाए। सीएम नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए।

इस दौरान उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। उनके साथ विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी उपस्थित रहे।

यह अतिथि निवास परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए विशेष सुविधा देगा। उद्घाटन समारोह में कई अतिथि, अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस पर बोले डिप्टी सीएम

भारतीय जनता पार्टी की स्थापना दिवस पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, ‘उन लोगों को मैं नमन करता हूं, जिनके त्याग, बलिदान और समर्पण से मां भारती के संतान भी गौरान्वित हो रहे हैं।’

इस दौरान डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि, ‘देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज एक राष्ट्र, श्रेष्ठ राष्ट्र का नारा, सबका साथ-सबका विकास का भाव, हर भारतीय को गौरवान्वित कर रहा है। इस अवसर पर सभी मां भारती के संतानों को हमारी शुभकामनाएं।’

तेजस्वी यादव के पोस्ट पर विजय सिंह का पलटवार

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आगे कहा कि, ‘बिहार को जिन लोगों ने कमजोर किया, पीछे किया, गाली बनाया, लज्जित किया। उस राजद-कांग्रेस की मानसिकता को बिहारी ने ऐसा चोट दिया कि जो इतनी बड़ी जनादेश आया है। इसका आदेश विकसित बिहार, स्वाभिमानी बिहार, सम्मानित बिहार का है।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘जिन लोगों ने बिहारी को भाई-भाई में लड़ाया, सामाजिक सौहार्द का माहौल खत्म किया, जाति के जहर के लहर के कहर से नरसंहार का उद्योग चलाया। अब उस बिहार में यह खेल नहीं होने देंगे।’

अब भूमि विवाद मुक्त बिहार बनेगा- विजय सिन्हा

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आगे कहा कि, ‘बालू माफिया हो या भू माफिया हो, भाई भाई का लहू नहीं बहाएगा। भूमि विवाद मुक्त बिहार बनेगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित बिहार बनेगा।’

सभी सुविधाओं से लैस है 5 मंजिला भवन

विधान परिषद् अतिथि निवास 5 मंजिला भवन है, जिसमें 30 सुइट रूम, लाउंज और लिफ्ट जैसी सुविधाएं हैं। हर कमरे में किचन, ड्राइंग रूम और रहने का कमरा बनाया गया है। कैंटीन और पुस्तकालय के लिए अलग 2 मंजिला भवन बनाया गया है, जहां खाने और पढ़ने की अच्छी व्यवस्था है। इसके अलावा एक 2 मंजिला सामुदायिक केंद्र भी बनाया गया है, जहां हॉल, किचन और अन्य जरूरी सुविधाएं हैं।