पटना नगर निगम के सफाईकर्मियों के बच्चे अब UPSC, BPSC, JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी फ्री में कर सकेंगे। पटना नगर निगम की ओर से ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ की शुरुआत की गई है।
इसके तहत निगम के स्थायी, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था से जुड़े सभी सफाईकर्मियों, सफाई निरीक्षकों और मुख्य सफाई निरीक्षकों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यार्थियों का चयन उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर होगा
पटना नगर निगम के सभी अंचलों में अस्सिटेंट पब्लिक सैनिटरी एंड वेस्ट मैनेजमेंट ऑफिसर की ओर से सफाईकर्मियों के परिवारों से संपर्क कर एलिजिबल अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जा रही है। सोमवार तक 35 अभ्यर्थियों ने इस पहल का लाभ लेने में रूचि दिखाई है। इच्छुक विद्यार्थियों का चयन उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा आयोजित कर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। फिलहाल अभ्यर्थियों की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए CSR साझेदारी के माध्यम से पूरी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सफाईकर्मियों के परिवार को सशक्त बनाना हमारा दायित्व
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि निगम के सफाईकर्मियों और उनके परिवारों को सम्मानपूर्ण जीवन देना हमारी जिम्मेदारी है। ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ का उद्देश्य केवल बच्चों को कोचिंग उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का अवसर देना है। यह पहल सामाजिक गतिशीलता को बढ़ावा देगी और सफाईकर्मियों के परिवार को सशक्त बनाएगी, ताकि उनके बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें और समाज में समानता स्थापित हो सके।