फरीदाबाद में झील में डूबकर युवक की मौत:दिल्ली से 4 दोस्तों के साथ नहाने आया था, पोस्टमॉर्टम आज

फरीदाबाद शहर में दिल्ली के एक युवक की झील में डूबने से जान चली गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ सिरोही स्थित कृत्रिम झील पर घूमने और नहाने के लिए आया था। पुलिस मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम कराएगी।

मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे अभिषेक अपने चार साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर झील पहुंचा। सभी दोस्त पानी में नहा रहे थे, तभी अभिषेक अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन कुछ ही पलों में वह पानी में लापता हो गया।

देर शाम के समय मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद अभिषेक को झील से बाहर निकाला गया और तुरंत बादशाह खान नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम आज

बताया जा रहा है कि अभिषेक दिल्ली के बसंत गांव का रहने वाला था और एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।