वसुंधरा बोलीं- कुछ षड्यंत्रकारी लोग गलत अर्थ निकालते हैं:मेरी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया, ऐसे लोग कभी सफल नहीं होंगे

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 2 दिन पहले दिए अपने बयान पर सफाई दी है। राजे ने कहा- मेरी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। आज भी कुछ षड्यंत्रकारी लोग मौजूद हैं, जो बात को गलत अर्थ देने का प्रयास करते हैं। राजे ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे लोग कभी सफल नहीं होंगे।

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री राजे 2 दिन पहले कामखेड़ा बालाजी के दर्शन के लिए पहुंची थीं। यहां सांसद दुष्यंत सिंह की यात्रा की शुरुआत हुई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उनसे नेशनल हाईवे के बाइपास के एलाइनमेंट को बदलने की मांग की थी। इस दौरान राजे ने कहा था- मैं अपने आपके लिए कुछ नहीं कर सकी, तुम्हारे लिए क्या करूं। मेरा चला गया, मैं नहीं बचा सकी।

वसुंधरा राजे ने कहा कि धौलपुर में मेरे घर के सामने से नेशनल हाईवे निकलने पर मुझे भी अपनी दीवार पीछे करनी पड़ी थी। मेरी जमीन भी गई थी। मैंने लोगों को समझाया- जब मैं अपनी जमीन नहीं बचा पाईं, तो दूसरों के लिए नियम कैसे बदल सकती हैं।