रहली से चोरी करने सागर आया चोर:दानपेटी का ताला तोड़ते रंगेहाथ गिरफ्तार; पुजारी की सूचना पर पहुंची पुलिस

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडापुरा स्थित हरसिद्धि देवी मंदिर में सुबह 4 बजे दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी कर रहे एक 20 वर्षीय युवक को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रहली से चोरी करने के लिए सागर आया था।

पुलिस ने आरोपी के पास से 410 रुपए नकद, पीतल की घंटी और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और उससे अन्य चोरियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

सुबह 4 बजे मंदिर पहुंचे पुजारी ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे अज्ञात चोर पंडापुरा में स्थित हरसिद्धि देवी मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। वह दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी करने की कोशिश कर रहा था। तभी मंदिर के पुजारी पुष्पेंद्र उर्फ प्रेमप्रकाश पाठक मंदिर पहुंच गए। उन्होंने चोर को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गश्त पर मौजूद एसआई गोकुल प्रसाद पांडेय मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी को धरदबोचा।

रहली से चोरी की नीयत से सागर आया था 20 वर्षीय आरोपी

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम बिट्टू उर्फ राजेश रैकवार (20) निवासी वार्ड क्रमांक-11 रहली बताया है। वह रहली से चोरी करने के लिए ही सागर आया था। पुलिस ने तलाशी लेने पर उसके पास से 410 रुपए नकद, एक पीतल की घंटी और ताला तोड़ने में उपयोग की गई लोहे की रॉड जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लाई है।

टीआई बोले- पूछताछ में अन्य चोरियों का हो सकता है खुलासा

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि, “चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बेहद शातिर है। वह पहले भी चोरी की वारदातें कर चुका है। मामले में आरोपी से अन्य चोरियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में अन्य चोरियों का खुलासा होने की आशंका है।”