अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में खालसा पंथ के साजना दिवस और बैसाखी पर विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। गोल्डन टेंपल में सुबह से ही संगतों की भारी भीड़ गुरु घर में मत्था टेकने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दे रही है। इसी दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की बहन मनप्रीत कौर गोल्डन टेंपल में मत्था टेकने पहुंचीं। सुरक्षा कारणों के चलते उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
खालसा परंपरा की महानता को किया याद
संगतों ने इस पवित्र दिन को सिख इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व बताया। उन्होंने कहा कि 1699 में श्री आनंदपुर साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना कर सिख कौम को नई पहचान और शक्ति प्रदान की थी। इस अवसर पर पांच प्यारों की स्थापना और खालसा परंपरा की महानता को याद किया गया।
श्रद्धालुओं द्वारा शहीदों को नमन
श्रद्धालुओं ने सिख शहीदों की कुर्बानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और युवाओं को संदेश दिया कि वे अपने इतिहास को कभी न भूलें। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे से दूर रहकर गुरु की शिक्षाओं से जुड़ना चाहिए और एक सच्चे मार्ग पर चलना चाहिए।
SGPC की दीपमाला व आतिशबाजी तैयारी
इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बैसाखी और खालसा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। शाम के समय शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा दीपमाला और आतिशबाजी के आयोजन की भी तैयारी की गई है ।