फर्रुखाबाद में मानवाधिकार सुरक्षा संगठन की बैठक बजरिया रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राकेश चंद्र श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई, जिसमें उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान संगठन से जुड़े नए सदस्यों का स्वागत किया गया। राष्ट्रीय महासचिव नीलेश यादव की उपस्थिति में नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई।
बैठक में संगठन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख लक्ष्यों में गरीब व जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा दिलाना, उनकी आर्थिक मदद करना, उन्हें ड्रेस उपलब्ध कराना और चिकित्सा क्षेत्र में सहायता प्रदान करना शामिल है।
इसके अतिरिक्त, संगठन जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने, असहाय मरीजों का इलाज कराने और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का कार्य भी करेगा।
गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों में मृत्यु होने पर 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने और गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग करने का निर्णय भी लिया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गौरव यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष सौरभ शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, सौरभ गुप्ता, जिला सचिव अर्जुन शर्मा, जिला महासचिव अशोक सक्सेना, नगर अध्यक्ष व्यास गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष ऋषभ शाक्य, नगर उपाध्यक्ष अजीत चौरसिया, जिला कानूनी सलाहकार प्रभात दुबे और जिला उपाध्यक्ष अजीत गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।