- पहले जत्थे में 360 लोग जाएंगे
बिहार के 2552 हजयात्रियों का फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया गया है। उनकी रवानगी 18 अप्रैल से 21 मई के बीच देश के 8 एयरपोर्ट से होगी। इस बार गयाजी एयरपोर्ट से हजयात्रियों की रवानगी नहीं होगी, क्योंकि 97 लोगों ने ही यहां से जाने का ऑप्शन चुना था।
बिहार के 360 हज यात्रियों का पहला जत्था 18 अप्रैल को कोलकाता, दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट से रवाना होगा। इनमें पटना जिले के करीब 100 लोग हैं। कोलकाता से सुबह 8:20 बजे, मुंबई से सुबह 6:30 बजे और दिल्ली से 10:35 बजे विमान टेकऑफ करेगा। इससे पहले हज यात्रियों के लिए बुधवार को हज भवन में सामूहिक दुआ होगी। बिहार में चल रही राजनीतिक हलचल की वजह से इसमें कौन नेता शामिल होंगे, यह तय नहीं हो सका है। पिछले 20 साल से नीतीश कुमार शामिल होते रहे हैं।
1698 लोग जाएंगे मदीना, 854 जेद्दाह एयरपोर्ट
बिहार के 2552 में से 1698 हजयात्री मदीना जाएंगे और उनकी वापसी जेद्दाह एयरपोर्ट से होगी। वहीं 854 लोग जेद्दाह एयरपोर्ट जाएंगे और उनकी वापसी मदीना एयरपोर्ट से होगी। हज का सफर 40 से 42 दिन का होगा। 18 अप्रैल से 5 मई तक का काफिला मदीना, जबकि 6 मई से 20 मई तक का काफिला जेद्दाह जाएगा।
20 साल में पहली बार बिना हज कमेटी के होगा हज ऑपरेशन : बिहार राज्य हज कमेटी का गठन नहीं हो सका है। 11 माह से चेयरमैन और मेंबर की फाइल लटकी है। पिछले 20 साल में पहली बार होगा कि बिना हज कमेटी के ही हज ऑपरेशन होगा। वैसे सभी एयरपोर्ट पर हज कमेटी के पदाधिकारी, स्टाफ और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के लोग मौजूद रहेंगे।
भास्कर एक्सपर्ट – अतुल सिंह, सिविल एविएशन
युद्ध की वजह से सवा घंटा अधिक समय लगेगा
सिविल एविएशन के एक्सपर्ट अतुल सिंह ने बताया कि दिल्ली से मदीना एयरपोर्ट की हवाई दूरी 4770 किमी है। पाकिस्तान ने भारतीय विमान के लिए एयरस्पेस पहले से बंद रखा है। अभी युद्ध चल रहा है। अमेरिका और इजरायल जहां ईरान को निशाना बना रहे हैं, वहीं ईरान इजरायल और खाड़ी देशों को। दिल्ली से मदीना के लिए जब विमान उड़ेगा, तब वह पाकिस्तान के नीचे से होते हुए ओमान की खाड़ी से दक्षिण से जाएगा। उसके बाद ओमान और यूएई के बीच से विमान जाएगा और मदीना या जेद्दाह पहुंचेगा। कभी वार जोन में विमान प्रवेश नहीं करेगा। जब स्थिति सामान्य थी, तब पाकिस्तान के ऊपर और यूएई से होते हुए विमान मदीना या जेद्दाह जाता था। उसमें करीब 6 घंटे का समय लगता था, पर अब नए रूट से 7 से सवा 7 घंटे लगेंगे।