पंजाब में आज 3 घंटे टोल फ्री:वाहनों से नहीं वसूला जाएगा टैक्स, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे वर्कर्स, बूथलेस पॉलिसी का जताएंगे विरोध

लुधियाना टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन पंजाब (रजि.) ने बुधवार को पूरे प्रदेश में बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। यूनियन की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में 15 अप्रैल को पंजाब के सभी टोल प्लाजा पर रोष प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इसी कड़ी में लुधियाना के पास स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा को दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक पूरी तरह फ्री किया जाएगा।

आम जनता को बड़ी राहत, सरकार को चेतावनी

यूनियन के नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे कैशलेस पॉलिसी का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की बूथलेस पॉलिसी से उनकी नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है। इसी के विरोध में बुधवार को 3 घंटे तक जनता के लिए टोल के बैरियर खोल दिए जाएंगे और किसी भी वाहन से कोई टैक्स नहीं वसूला जाएगा।

क्यों हो रहा है प्रदर्शन?

कैशलेस पॉलिसी रद्द हो: टोल पर पूरी तरह कैशलेस सिस्टम लागू करने के फैसले का विरोध। यूनियन का आरोप है कि डिजिटल सिस्टम के नाम पर कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। उन्होंने टोल बूथों को खत्म करने की योजना को तुरंत वापस लेने की मांग की है।

किसान और मजदूर संगठनों का मिला साथ

टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन ने पंजाब की सभी किसान यूनियनों, मजदूर संगठनों और अन्य जत्थेबंदियों से इस संघर्ष में शामिल होने की अपील की है। लाडोवाल में दोपहर 12 बजे भारी संख्या में कर्मचारियों और समर्थकों के जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।