CM मान बोले- बेअदबी बिल गवर्नर को भेजा:कैबिनेट की मीटिंग हुई शुरू, मान साढे़ दस बजे करेंगे प्रेस कांफ्रेंस

पंजाब सरकार की आज शुक्रवार को अहम कैबिनेट बैठक मुख्यमंत्री निवास पर शुरू हो गई है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी से जुड़े मामले में विधानसभा में पास बिल राज्यपाल को भेज दिया गया है।

हालांकि इससे पहले कल पठानकोट में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा था कि बिल अभी तक उनके पास नहीं पहुंचा है और जैसे ही बिल आएगा, उस पर विचार किया जाएगा। आज की बैठक में बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

इसके साथ ही विभिन्न विभागों में चल रही भर्तियों और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक के बाद सरकार के किसी सीएम द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। वहीं, बैठक के बाद मुख्यमंत्री का अमृतसर दौरा भी प्रस्तावित है, जहां वे विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। जिसके बाद शाम को वह दिल्ली जाएंगे।

एक महीने में यह दूसरी बैठक

इससे पहले बड़ी कैबिनेट बैठक 11 अप्रैल 2026 को हुई थी, जिसमें ग्रामीण विकास और धार्मिक संरक्षण से जुड़े अहम फैसले लिए गए थे। इसमें 11,500 से अधिक गांवों में करीब 3 लाख स्ट्रीट लाइट्स लगाने को मंजूरी दी गई थी, जिसकी लागत ₹550 करोड़ तय की गई थी। साथ ही ‘जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार बिल-2026’ को मंजूरी मिली थी, जिसमें बेअदबी मामलों में उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है।

इससे पहले मार्च 2026 में हुई बैठकों में बजट से जुड़े फैसले, खिलाड़ियों के लिए 3% आरक्षण, स्वास्थ्य विभाग में भर्ती से जुड़ी अनुमति और शहीद होम गार्ड के परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजा देने जैसे निर्णय शामिल रहे थे।