भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए बांधे परिंडे:मारवाड़ी महिला मंडल ने की दाना-पानी की व्यवस्था, लिया संकल्प

झालावाड़ में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की है। मंडल की सदस्यों ने शहर के बालजी की छतरी परिसर में 5 परिंडे बांधे और उनमें नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प लिया।

यह पहल वैशाख के महीने में तापमान में वृद्धि के कारण पक्षियों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखकर की गई है। मंडल का उद्देश्य पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें गर्मी में भटकना न पड़े।

धार्मिक स्थलों पर बांधेंगे परिंडे

महिला मंडल ने शहर के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी परिंडे बांधने का निर्णय लिया है। इसके अलावा झालावाड़ अस्पताल परिसर में भी पानी की प्याऊ लगाने की योजना बनाई गई है। मंडल ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य आवश्यकतानुसार आगे भी जारी रहेंगे।

मंडल की अध्यक्ष मधु गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बेजुबान पक्षियों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से मारवाड़ी महिला मंडल ने यह अभियान शुरू किया है।

इस अवसर पर सचिव खुशबू परतानी, कोषाध्यक्ष स्नेहा खंडेलवाल, संस्थापक कृष्णा परतानी, उपाध्यक्ष अर्चना मालपानी, आशा कासट, निर्मला सोमानी, सुलोचना मित्तल और लक्ष्मी अग्रवाल सहित कई सदस्यों ने बालजी की छतरी पर परिंडे बांधने में सहयोग किया।