BJP प्रदेश प्रभारी बोले-वसुंधरा को बेबस कहेंगे तो लोग हंसेंगे:वे प्रभावी मुख्यमंत्री रही हैं, अब हमने बहुत प्रभावी डिप्टी सीएम दी है

BJP के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा- अगर आप वसुंधरा राजे के लिए बेबस शब्द का प्रयोग करेंगे तो लोग हंसेंगे। वसुंधरा राजे महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक हैं। कांग्रेस और उसके लोग इस प्रकार के षड्यंत्रों के लिए जाने जाते हैं।

हमने बहुत प्रभावी बहन को इस प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाकर राजस्थान की जनता को दिया है। पहले मुख्यमंत्री दिया था, वसुंधरा राजे बहुत प्रभावी मुख्यमंत्री रही हैं। अब दीया कुमारी हमारी उप मुख्यमंत्री हैं।

फर्जी लेटर के मामले में पूरी पार्टी राजे के साथ खड़ी है, इस मामले को पार्टी गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भी खुलकर आपके सामने अपनी बात रखी है। प्रदेश के प्रशासनिक हलके को भी इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। राधामोहन दास अग्रवाल ने यह बात मंगलवार को जयपुर में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।

प्रदेश को प्रभावी उप मुख्यमंत्री दिया

सीएम भजनलाल शर्मा की कैबिनेट में महिला मंत्रियों की कम संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा- परिवर्तन, उसका विस्तार और मूल्यांकन सतत चलने वाली प्रक्रिया है।

हमने एक बहुत प्रभावी बहन को इस प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाकर राजस्थान की जनता को दिया है। पहले मुख्यमंत्री दिया था, वसुंधरा राजे बहुत प्रभावी मुख्यमंत्री रही हैं। अब दीया कुमारी हमारी उप मुख्यमंत्री हैं।

बीजेपी ने हमेशा महिलाओं को उनका अधिकार दिया है। उत्तरप्रदेश में तीन बार हमने बहन मायावती को पूरा समर्थन देकर उनको मुख्यमंत्री बनाया। दिल्ली में आज भी महिला मुख्यमंत्री है। हर जगह की राजनीतिक परिस्थितियां होती हैं, पूरे देश के समीकरण तय करने होते है, उसके अनुसार सामूहिक निर्णय लिया जाता है।

हमें लगा कांग्रेस इस बार भी नाटक जारी रखेगी

प्रभारी ने कहा- कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने साल 2023 में महिलाओं के साथ खड़े होने का नाटक किया था। उस समय जब यह विधेयक लाया गया था, तब साल 2024 में लोकसभा चुनाव थे। ऐसे में यह लोग विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

हमें लगा कि नाटक ही सही, इस बार भी यह लोग नाटक जारी रखेंगे, लेकिन जब इनको लगा कि इस बार तो महिला आरक्षण लागू होकर रहेगा तो इन्होने अपने आप को बेनकाब कर लिया और इसके विरोध में सामने आ गए। लेकिन हम महिला आरक्षण को लागू करके रहेंगे।