मैहर मां शारदा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़:मुंडन मुहूर्त के कारण जाम; पुलिस ने संभाला यातायात मोर्चा

मैहर जिले के प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुंडन संस्कार के शुभ मुहूर्त के चलते दूर-दूर से बड़ी संख्या में भक्त अपने परिवारों के साथ दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल रहा।

इस भारी भीड़ के कारण मंदिर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। विशेषकर मंदिर के आसपास और फॉरेस्ट बैरियर के पास यातायात का दबाव अधिक देखा गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चौकी प्रभारी रंजीत सिंह सहित पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस लगातार व्यवस्था संभालती नजर आई और वाहनों को फॉरेस्ट बैरियर के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जा रहा था, ताकि मंदिर मार्ग पर यातायात सुचारु बना रहे।

श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने भक्तों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। भारी भीड़ के बावजूद, पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में लाई जा रही है।