अजमेर पुलिस ने 6 नाबालिगों को ढूंढ निकाला:दिल्ली-मध्यप्रदेश तक चला सर्च ऑपरेशन, 3 परिवारों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

अजमेर पुलिस ने ऑपरेशन “मुस्कान” के तहत 6 गुमशुदा बच्चों को ढूंढ निकाला। पुलिस टीम ने करीब 20 घंटे लगातार यात्रा करते हुए 1000 किलोमीटर दूर जाकर तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 3 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया। डीडवाना-कुचामन जिले के सरगोंठ पदमपुरा क्षेत्र से 2 बच्चियां मिलीं।

वहीं, एक नाबालिग की तलाश में पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दिल्ली, मेरठ, बागपत व सोनीपत तक छानबीन की। आखिरकार बच्चे को दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

एडिशनल एसपी ग्रामीण दीपक शर्मा ने बताया- सभी मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीमें गठित कीं और आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी फुटेज और अन्य संसाधनों का उपयोग कर बच्चों को सकुशल बरामद किया। लंबे समय से परेशान परिजनों के चेहरे पर बच्चों की वापसी से मुस्कान लौट आई। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर परिजनों ने आभार व्यक्त किया है। पुष्कर, गेगल और आदर्शनगर थाना क्षेत्रों से लापता 6 नाबालिग बच्चों को पुलिस ने सकुशल दस्तयाब कर लिया है।

तीन केस, एक मिशन, ‘मुस्कान’ से लौटे 6 बच्चों के चेहरे पर हंसी

  • पहला केस: 21 अप्रैल 2026 को पुष्कर थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश निवासी एक महिला ने अपने तीन नाबालिग बच्चों (दो लड़कियां और एक लड़का) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को तुरंत मध्यप्रदेश रवाना किया गया। टीम ने करीब 20 घंटे लगातार यात्रा करते हुए 1000 किलोमीटर दूर जाकर तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तीनों बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
  • दूसरा केस: 20 अप्रैल 2026 को गेगल थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण करते हुए डीडवाना-कुचामन जिले के सरगोंठ पदमपुरा क्षेत्र से दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद किया।
  • तीसरा केस: 17 अप्रैल 2026 को आदर्शनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने नाबालिग बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दी थी। पुलिस टीम ने 7 दिनों तक लगातार प्रयास करते हुए करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दिल्ली, मेरठ, बागपत व सोनीपत तक तलाश की। आखिरकार बच्चे को दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।