औरंगाबाद के 5 सेंटर पर 3 मई को नीट एग्जाम:2695 परीक्षार्थी होंगे शामिल, दोपहर 1:40 के बाद नहीं मिलेगी एंट्री; महिला पुलिस की भी तैनाती

औरंगाबाद में 3 मई को 5 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा होगी। जिसमें कुल 2695 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीएम अभिलाषा शर्मा के आदेश पर गुरुवार को ब्रीफिंग बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह ने की।

बैठक में बताया गया कि रविवार को एग्जाम होना है। जिसके लिए हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी की प्रतिनियुक्त है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे सुबह 10:00 बजे तक अपने-अपने केन्द्रों पर पहुंच जाए।

सुबह 11 बजे से दोपहर 1:40 बजे तक ही एग्जाम सेंटर में परीक्षार्थियों को एंट्री मिलेगी। देर से आने वाले को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। गेट पर प्रवेश पत्र की जांच भी होगी।

हर एग्जाम सेंटर पर महिला पुलिस बल की तैनाती

अगर एग्जाम सेंटर में कोई परीक्षार्थी प्रतिबंधित सामान के साथ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा कार्य में लगे शिक्षक और कर्मी भी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। केवल जरूरी दस्तावेज ही साथ रखेंगे। हालांकि, रिपोर्टिंग कार्य के लिए एक कम्प्यूटर जानकार कर्मी को सीमित उपयोग की अनुमति दी जाएगी, जो केन्द्राधीक्षक के नियंत्रण में कार्य करेगा।

महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए हर केन्द्र पर महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। जांच के लिए अलग-अलग गोपनीय जांच कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा, जिन केंद्रों में चहारदीवारी नहीं है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।

300 मीटर की परिधि में बंद रहेंगी फोटो कॉपी दुकान

परीक्षा सेंटर के 200 से 300 मीटर की परिधि में साइबर कैफे, फोटो कॉपी और प्रिंटिंग की दुकानों को परीक्षा के दौरान बंद रखने का निर्देश दिया गया है। बैठक में अपर समाहर्ता (विशेष) सादुल हसन खां, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद, सभी केन्द्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराया जाएगा।