Road Accident : डिवाइडर पर चढ़कर पलटी टूरिस्ट मिनी बस, 12 लोग घायल, राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम

मंडल के अमरोहा के गजरौला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टूरिस्ट मिनी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर पलट गई। हादसे में बस में सवार 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मची चीख़ पुकार के बाद जुटी भीड़ ने घायलों को बस से बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस भी मौके पर पहुंची गई। इसके बाद क्रेन से बस हटवाकर जाम खुलवाया। वहीं हाईवे पर जाम लगने से काफी लोग परेशान रहे।

हादसा शनिवार की सुबह छह बजे मतवाली पुलिया के निकट हुआ। दिल्ली से रामनगर जा रही एक टूरिस्ट मिनी बस में लगभग 20 लोग सवार थे। जैसे ही बस हाईवे पर मतवाली पुल के पास पहुंची तो वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद वह एक साइड में जाकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मचने पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को मशक्कत करवा कर निकाला और हाईवे पर ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर क्षतिग्रस्त बस हाईवे पर पड़े होने की वजह से यातायात भी बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त बस को हटवा कर यातायात सुचारू करवाया। हादसे में 12 लोगों के चोट आने की सूचना है। प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक ने बताया कि घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा कर क्रेन से क्षतिग्रस्त बस को हटवा कर यातायात सुचारू करवा दिया गया।

कैंटर ने मारी टक्‍कर : रामपुर के टांडा में कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव लांबाखेड़ा निवासी चचेरे-तहेरे भाई विशाल गौतम व रविंद्र बाइक से टांडा कपड़े खरीदने आए थे। दोनों बाइक से गांव जा रहे थे। रास्ते में नगर पालिका के सामने दढ़ियाल की ओर से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमे दोनों घायल हो गए। चीख पुकार पर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। भीड़ ने कैंटर को रोक लिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।