पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में ललित भवन के पीछे एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मृतका की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
मौके पर पुलिस छानबीन कर रही है। जिस जगह पर युवती की बॉडी मिली थी, उसे घेर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि लड़की की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
गली में रहने वाले युवक पंकज ने बताया कि, ‘सुबह यहां पर भीड़ लगी थी तो मै भी देखने आया। भीड़ के पास जाकर देखा तो एक लड़की की लाश पड़ी हुई थी। उसके गले में दाग थे। हाथ में मेहंदी लगी थी।
मैंने तुरंत डायल 112 की टीम पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस यहां पहुंची। लड़की की उम्र 15 से 16 साल के बीच होगी।’
डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची
घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची है। कई मामलों की डिटेक्शन करने वाली ‘लिली’ आई है। लिली सर्चिंग के दौरान लिंक रोड से सटे बगल वाली गली में गई थी। फिर वहां से फिर वापस घटना स्थल पर आ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए IGIMS लेकर गई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पास में लगे सीसीटीवी फुटेज से पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लड़की किस दिशा से आई थी।
पहचान अब तक नहीं, जांच जारी
पुलिस मृतका की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।