प्रयागराज में गुरुवार सुबह 5 बजे हिस्ट्रीशीटर सक्षम पंडा (35) की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने उसे फोन कर घर से 100 मीटर दूर बुलाया और उससे बातचीत की। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर घर लौटकर सीढ़ियों पर खड़ा था, तभी स्कूटी से दोनों हमलावर वहां पहुंच गए।
पीछे बैठे हमलावर ने तमंचा निकाला और हिस्ट्रीशीटर को एक गोली मार दी। गोली लगते ही वह गली में भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया। 50 मीटर दूर जाकर उसे दूसरी गोली मारी। हिस्ट्रीशीटर गिर पड़ा, फिर उस पर ताबड़तोड़ तीन और गोलियां चलाई गईं। गोलियों की आवाज सुनकर घरवाले दौड़कर पहुंचे। उन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए। घरवाले हिस्ट्रीशीटर को अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना प्रयागराज शहर के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र की है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी भोले पंजाबी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बुधवार को सक्षम ने संगम क्षेत्र में उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगा दी थी। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसलिए गुरुवार सुबह उसने सक्षम को बातचीत के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई और इसी दौरान उसने गोली मार दी।
घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था हिस्ट्रीशीटर सक्षम पांडा मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर का रहने वाला था। वह घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था। सक्षम की मां ने बताया कि बुधवार रात बेटे ने परिवार के साथ खाना खाया था, इसके बाद सोने चला गया। गुरुवार सुबह किसी का फोन आया, इसके बाद वह घर से चला गया। कुछ देर बाद पता चला कि बेटे की हत्या कर दी गई है। हम लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
पहले बातचीत की, घर लौटा तो पीछे से आकर मारी गोली पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हिस्ट्रीशीटर को फोन कर घर से 100 मीटर दूर बुलाया और उससे काफी देर तक बातचीत की। इसके बाद दोनों हमलावर अपने घर की तरफ चले गए। हिस्ट्रीशीटर भी अपने घर पहुंच गया। वह अपने घर की सीढ़ियों पर खड़ा था, तभी पीछे से वापस दोनों हमलावर आ गए और उसे गोली मार दी।
CCTV में क्या दिख रहा, जानिए CCTV फुटेज में दिख रहा है कि हिस्ट्रीशीटर सीढ़ियों पर खड़ा है। इसी दौरान पीछे से दोनों हमलावर स्कूटी से आते हैं और पास पहुंचते ही गोली मार देते हैं। गोली लगते ही हिस्ट्रीशीटर पहले घर की तरफ भागता है, फिर अचानक पीछे मुड़कर गली की ओर भाग जाता है।
हमलावरों ने उसका पीछा किया और करीब 50 मीटर दूर जाकर उसे एक और गोली मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। पहले एक आरोपी पैदल भागा, जबकि दूसरा स्कूटी से फरार हुआ। हालांकि, बाद में स्कूटी सवार हमलावर वापस आया और दूसरे आरोपी को स्कूटी पर बैठाकर ले गया।
3 महीने पहले आरोपी ने हिस्ट्रीशीटर पर किया था हमला परिजनों का आरोप है कि 12 मार्च को मालवीय नगर मोहल्ले में सक्षम पांडा पर फायरिंग की गई थी। इस हमले में सक्षम और उसका दोस्त रवि पांडा घायल हो गए थे। मामले में विमल पांडा और भोले पंजाबी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने भोले पंजाबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि विमल पांडा की तलाश में जुटी हुई थी। एक महीने बाद यानी 12 अप्रैल को भोले पंजाबी जमानत पर जेल से बाहर आया था।
आग लगने से बही-खाते जल गए विमल पंडा के घर की एक महिला ने बताया- 9 तारीख को भी हमारे घाट पर सांवरे पंडा उर्फ गोपाल दत्त तिवारी, सक्षम पंडा और उनके साथी संकेत आए थे। इन लोगों ने मिलकर हमारी गुमटी में आग लगा दी थी। आग की चपेट में आने से घाट पर रखा सामान पूरी तरह जल गया और हमारे बही-खाते भी खाक हो गए। उस समय घाट पर कुछ यात्री मौजूद थे, जिसकी वजह से आग ज्यादा नहीं फैल पाई। घटना के बाद हमने दारागंज थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की तेज लपटें दिखाई दे रही हैं। जमीन पर बड़ी संख्या में जले और झुलसे हुए बही-खाते पड़े नजर आ रहे हैं। इन बही-खातों का इस्तेमाल पंडा समाज के लोग तीर्थयात्रियों का रिकॉर्ड रखने के लिए करते हैं।
वहीं, एक अन्य महिला रोते हुए प्रशासन और सीएम योगी से न्याय की गुहार लगा रही है।
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया- इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें भोले पंजाबी, विमल पंडा, शुभि और दो अन्य आरोपी शामिल हैं। भोले पंजाबी को अरेस्ट कर लिया है, बाकी की तलाश की जा रही है।
विमल पंडा पर कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। वह अतरसुइया थाने का हिस्ट्रीशीटर है। विमल हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहा था और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी था। वहीं, मृतक सक्षम भी हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ मुट्ठीगंज थाने में आर्म्स एक्ट और हत्या समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं।