बाराबंकी में 100 की स्पीड में इनोवा कार चलते ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है। इनोवा सवार कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हैदरगढ़ इलाके में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भिखरा गांव के पास हुआ।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इनोवा चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान चंदौली के राहुल कुमार (36), गाजीपुर के राहुल सिंह (35), बलिया के सत्यम सिंह (38) और सुल्तानपुर के सूरज मिश्रा (31) के रूप में हुई है। मिर्जापुर के पंकज (34), चंदन (35) और बलिया निवासी प्रशांत घायल हैं। तीनों को लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया है।
हैदरगढ़ में भिखरा गांव के पास हादसा हादसा लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र में भिखरा गांव के पास हुआ। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। चीख-पुकार के बीच पुलिस को सूचना दी गई। लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालना शुरू किया। एम्बुलेंस की मदद से सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल डॉक्टर्स ने 4 को मृत घोषित कर दिया। बाकियों को लखनऊ रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन जमीन बैठकर बिलखते नजर आए। लोग उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे।
वाराणसी में हॉस्टल चलाते थे सत्यम, एक हफ्ते पहले ही बलिया आए थे जानकारी के मुताबिक, मृतक सत्यम सिंह मूल रूप से बलिया के रहने वाले थे। वाराणसी में हॉस्टल चलाते थे। पिता तेजप्रताप सिंह की काफी पहले मौत हो चुकी है। तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार के मुख्य कमाने वाले थे। वह एक सप्ताह पहले ही बलिया आए थे।