राजा भैया का अचूक निशाना, गोली सीधे निशाने पर लगी: शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता, 200 से ज्यादा हथियारों का है जखीरा

बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया न 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। उन्होंने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) में 25 पॉइंट का स्कोर बनाया।

नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून तक चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। राजा भैया ने प्रतियोगी संख्या 071 के रूप में भाग लिया था। बुधवार को इसका परिणाम घोषित हुआ।

उनकी शूटिंग का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह निशाना लगाते दिख रहे हैं। राजा भैया हथियारों के शौकीन हैं। पिछले साल दशहरे के मौके पर उन्होंने अपने 200 से ज्यादा हथियारों के जखीरे को दिखाया था।

राजा भैया प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से 7वीं बार विधायक हैं। उन्होंने अपनी पार्टी जनसत्ता दल बनाई है। जिसके वे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।

राइफल एसोसिएशन के लाइफ टाइम मेंबर हैं राजा भैया

राजा भैया नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के लाइफटाइम मेंबर हैं। उन्होंने एक मीडिया इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता उदय प्रताप सिंह भी शूटर रहे हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर मैंने भी शूटिंग शुरू की।

हर साल दशहरे के मौके पर राजा भैया अपने शस्त्रागार में रखे हथियारों की पूजा करते हैं। पिछले साल दशहरे पर उनके शस्त्र पूजन का वीडियो भी सामने आया था। इसमें टेबल पर 200 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियार सजे दिखाई दिए थे।

इन हथियारों में पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, राइफल और थर्टी कारबाइन शामिल थीं। शस्त्र पूजन के दौरान राजा भैया ने कहा था- ये सभी शस्त्र हमारे हैं। जो हमारा है, वह समर्थकों का है और जो समर्थकों का है, वह हमारा है।”

पत्नी भानवी सिंह ने चल रहा है तलाक का केस

राजा भैया और भानवी के बीच तलाक का मामला चल रहा है। भानवी पिछले कई सालों से पति से अलग दिल्ली में रह रही हैं। नवंबर, 2022 में उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। कहा था- उन्होंने घर छोड़ दिया है। भानवी ने कोर्ट में राजा भैया पर मारपीट और अवैध संबंध का आरोप लगाया था।

3 जून 2025 को पत्नी भानवी सिंह ने पीएमओ को पत्र देकर आरोप लगाया था कि राजा भैया के पास अवैध विदेशी हथियारों का जखीरा है। इसके बाद 18 सितंबर, 2025 को भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर हथियारों का वीडियो जारी किया था। उनका दावा था कि इसमें कुछ ऐसे हथियार हैं, जिनसे मास डिस्ट्रक्शन हो सकता है। मतलब- हमले में तमाम लोग मारे जा सकते हैं।