पानीपत की एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) पुलिस टीम ने सेंट मैरी स्कूल के पास स्थित एक ढाबे के गल्ले से 1.70 लाख रुपए चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-6 फाटक के पास नाकाबंदी के दौरान दबोचा।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और उन्होंने अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके पास से बची हुई नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
सेक्टर-6 फाटक के पास से दबोचे आरोपी
एंटी व्हीकल थेफ्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम को एक गुप्त मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक एक प्लेटिना बाइक पर सवार होकर सिद्धार्थ नगर की ओर से सेक्टर-6 फाटक की तरफ आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए सेक्टर-6 फाटक के पास तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बाइक पर आ रहे दोनों संदिग्धों को पुलिस ने घेराबंदी करके काबू कर लिया।
ढाबे के गल्ले से उड़ाए थे 1.70 लाख
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिंटू निवासी गंगाराम कॉलोनी, पानीपत और सचिन निवासी गांव बाएं, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। जब पुलिस ने दोनों से गहनता और कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने पिछले महीने 5 जून को सेंट मैरी स्कूल के पास स्थित एक ढाबे पर गल्ले से 1 लाख 70 हजार रुपए चोरी करने की वारदात को कबूल कर लिया।
चोरी को लेकर दत्ता कॉलोनी निवासी विनोद की शिकायत पर थाना पुराना औद्योगिक में पहले से ही मुकदमा दर्ज था।
नशे की लत ने बनाया चोर
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस के सामने स्वीकारा कि वे दोनों स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों के गंभीर आदी हैं। जब नशे की डोज के लिए उनके पास पैसे खत्म हो गए, तो उन्होंने मिलकर ढाबे को निशाना बनाने की साजिश रची थी। चोरी की गई रकम में से ज्यादातर हिस्सा उन्होंने नशा खरीदने और ऐश-ओ-आराम में उड़ा दिया।
एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बची हुई 25 हजार रुपए की नकदी और चोरी के समय इस्तेमाल की गई प्लेटिना बाइक को जब्त कर लिया है। रिमांड और पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।