भारत के पास इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने का मौका है। टीम इंडिया ने 2021 में घर पर 2-1, 2022 में इंग्लैंड में 2-1 और 2025 में भारत में 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी। तीन मैचों की इस सीरीज में पहला वनडे 6 विकेट से जीतकर टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है।
कार्डिफ में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इस मैदान में टीम इंडिया पिछले 15 साल से वनडे नहीं हारी है। भारत को यहां आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। इसके बाद उसने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में साउथ अफ्रीका और श्रीलंका को हराया, जबकि 2014 में इंग्लैंड को 133 रन से मात दी थी।
1. भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 वनडे जीते
दोनों टीमों के बीच 111 मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 62 जीते हैं। इंग्लैंड को 44 में जीत मिली है। 2 मुकाबले टाई और 3 बेनतीजा रहे। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 मुकाबले जीते हैं। कार्डिफ में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। टीम ने 14 में से 10 मुकाबले जीते हैं।
2. गिल और प्रसिद्ध फॉर्म में, बुमराह की वापसी से गेंदबाजी मजबूत
- शुभमन गिल इस साल भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 7 मैचों में 113.25 की औसत से 453 रन बनाए हैं। पहले वनडे में भी गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 75 गेंदों पर 80 रन बनाए। काफ में खिंचाव के कारण वह रिटायर्ड हर्ट हुए, लेकिन दूसरे वनडे में उनके खेलने की उम्मीद है।
- अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पहले वनडे में नाबाद अर्धशतक लगाकर भारत को जीत दिलाई। अक्षर ने 4 विकेट भी लिए थे। प्रसिद्ध कृष्णा इस साल भारत के सबसे सफल वनडे गेंदबाज हैं। उन्होंने 5 मैचों में 10 विकेट लिए हैं।
- जसप्रीत बुमराह ने वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद वापसी करते हुए पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। उनके शुरुआती स्पेल का फायदा प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार ने उठाया। बुमराह ने इंग्लिश कैप्टन हैरी ब्रूक का विकेट लिया था।
-
3. रूट ने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए
- जो रूट इस साल इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 4 मैचों में 323 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में लेग स्पिनर आदिल राशिद सबसे सफल रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 7 विकेट लिए हैं।
- पहले वनडे में इंग्लैंड ने बिना विकेट खोए 61 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद सिर्फ 27 गेंद में 5 विकेट गंवाकर 80/5 पर पहुंच गया। जो रूट (नाबाद 76) और लियाम डॉसन (68) ने 121 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम 258 रन ही बना सकी।
-
4. पिच और वेदर रिपोर्ट
- कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को सीम और उछाल मिलती है, लेकिन बल्लेबाज सेट होने के बाद रन बनाना आसान हो जाता है। मैदान की सीधी बाउंड्री छोटी और स्क्वायर बाउंड्री बड़ी है, इसलिए पुल और कट शॉट अहम रहेंगे।
- पिछले 10 साल में यहां खेले गए 12 वनडे में 8 बार चेज करने वाली टीम जीती है। वहीं, 2023 से 2025 के बीच खेले गए पिछले चार वनडे में 8 में से 6 पारियों में 280 से ज्यादा रन बने हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
- मौसम बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान तापमान करीब 28°C रहेगा। मौसम गर्म और हल्की हवा वाला रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है।
5. दोनों टीमों में क्या बदलाव हो सकता है?
- इंग्लैंड: पहले वनडे में तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनर के साथ उतरने का फैसला इंग्लैंड पर भारी पड़ा। टीम पिच की उछाल और सीम मूवमेंट का फायदा नहीं उठा सकी। ऐसे में कार्डिफ में चौथे तेज गेंदबाज के साथ उतर सकती है। चोट से उबर चुके ब्रायडन कार्स को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है।
- भारत: भारतीय टीम जीत के बाद ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी। कप्तान शुभमन गिल पूरी तरह फिट हैं, लेकिन तेज गेंदबाज गुरनूर बरार की फिटनेस पर फैसला मैच से पहले होगा। अगर वह नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह या प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है।