पत्थर से सिर कुचलकर नाबालिग की हत्या:जंगल में प्लास्टिक के कट्टों से ढका मिला शव, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे किया जाम

धौलपुर जिले के बाड़ी में 16 साल के नाबालिग की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। नाबालिग का शव जंगल में प्लास्टिक के कट्टों से ढका हुआ मिला। घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है।

इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रात में ही बाड़ी-बसेड़ी स्टेट हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीण आज भी ट्रैक्टर में शव रखकर स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों ने मुआवजे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

मौके पर तीन थानों की पुलिस मौजूद है। पुलिस के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

पशु चराने गया था, जंगल में मिली लाश

मृतक के चचेरे भाई ने बताया- नाबालिग रविवार दोपहर करीब 2 बजे पशु चराने गया था। शाम 7 बजे तक वह घर नहीं लौटा तो तलाश शुरू की। परिजन सहित ग्रामीण जंगल में उसे ढूंढने निकले।

रात 9 बजे जंगल में उसका शव प्लास्टिक के कट्टों से ढका हुआ मिला। उसके सिर पर पत्थरों से वार किए गए थे। पत्थरों से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

पिता ने बताया- मेरे हाथ में फ्रैक्चर हुआ था। पत्नी और छोटा बेटा मुझे धौलपुर के हॉस्पिटल में इलाज के लिए लेकर गए थे। बड़ा बेटा घर पर अकेला था।

मेरी पत्नी रोज पशु चराने जाती थी। पत्नी घर पर नहीं थी, इसलिए बेटा पशु लेकर गया था। मुझे हॉस्पिटल में घटना का पता चला।

ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर लगाया जाम

बाड़ी-बसेड़ी स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण रविवार रात से एसपी व कलेक्टर को मौके पर बुलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।

सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी श्रवण कुमार, बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार, एसडीएम अमित कुमार वर्मा और तहसीलदार जगवीर सिंह बेनीवाल मौके पर पहुंचे।

इधर, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामेंद्र मीणा भी ग्रामीणों के समर्थन में घटनास्थल पर पहुंचे। सोमवार सुबह बाड़ी के पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा भी पहुंचे और उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

एडिशनल एसपी श्रवण कुमार ने बताया- परिजनों को समझाने का प्रयास जारी है। उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवा दिया है। परिजन शव को मौके से उठाने नहीं दे रहे हैं।