वृंदावन में महिला सिपाही ने श्रद्धालु को मारे 8 थप्पड़:बांके बिहारी मंदिर में युवक की मां रोती-चिल्लाती रही, पिटाई के बाद पुलिसवाले घसीटकर ले गए

मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में धक्का लगने के बाद एक महिला सिपाही ने श्रद्धालु युवक की जमकर पिटाई कर दी। गुस्साई सिपाही ने युवक की टी-शर्ट पकड़कर उसे लाइन से बाहर खींच लिया और ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाने लगी। उसने 25 सेकेंड में युवक को 8 थप्पड़ जड़ दिए।

युवक की पिटाई देख उसकी मां रोते हुए चिल्लाती रही, “मत मारो, मर जाएगा।” आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला सिपाही नहीं मानी। बाद में अन्य पुलिसकर्मी युवक को घसीटते हुए वीआईपी वेटिंग एरिया से बाहर ले गए।

घटना रविवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो सोमवार सुबह करीब 9 बजे सामने आया। बताया जा रहा है कि युवक मंदिर परिसर में वीआईपी रेलिंग के पास लाइन में खड़ा था। भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की हुई और महिला सिपाही को धक्का लग गया। इसके बाद उसने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला

रविवार सुबह एक युवक अपने परिवार के साथ ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन के लिए आया था। वह गेट नंबर-4 पर वीआईपी रेलिंग के पास लाइन में खड़ा था। इसी दौरान भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की हुई और महिला सिपाही को धक्का लग गया।

गुस्से में महिला सिपाही ने पहले उसकी टी-शर्ट पकड़कर उसे लाइन से बाहर खींच लिया। इसके बाद उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मारने लगी। महिला सिपाही के साथ खड़े एक पुलिसकर्मी ने युवक के हाथ मरोड़ दिए, जबकि महिला सिपाही लगातार उसे थप्पड़ मारती रही। उसने 25 सेकेंड में युवक को 8 थप्पड़ जड़ दिए।

मां बचाने पहुंची, लेकिन पुलिसकर्मियों ने नहीं छोड़ा

घटना के समय युवक की मां भी उसके साथ थी। बेटे को पिटता देख वह दौड़कर उसके पास पहुंची। वह रोते हुए पुलिसकर्मियों से कहती रही, “छोड़ दो, मर जाएगा”, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी।

भीड़ ने आपत्ति जताई तो युवक को बाहर ले गए

महिला सिपाही द्वारा युवक की पिटाई किए जाने पर लोगों ने आपत्ति जताई। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। भीड़ बढ़ती देख अन्य पुलिसकर्मी युवक को घसीटते हुए वीआईपी वेटिंग एरिया से बाहर ले गए।

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। सोमवार सुबह वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में मंदिर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

56 सेकेंड के वीडियो में क्या दिख रहा है

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो करीब 56 सेकेंड का है। इसमें वीआईपी रेलिंग के पास लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक को तीन-चार पुलिसकर्मियों ने घेर रखा है। एक महिला सिपाही उसे रेलिंग के पास से धक्का देते हुए बाहर लेकर आती है।

महिला सिपाही के बाल खुले हैं। वह तेज आवाज में चिल्लाते हुए युवक की टी-शर्ट पकड़कर उसे थप्पड़ मारती है। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन महिला सिपाही उसे नहीं छोड़ती।

इसी दौरान युवक की मां पुलिसकर्मियों के सामने खड़ी होकर उसे बचाने की कोशिश करती है, लेकिन महिला सिपाही लगातार थप्पड़ मारती रहती है। वहीं, पास खड़ा एक पुलिसकर्मी युवक का हाथ पकड़े रहता है। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए वहां से बाहर ले जाते हैं।