मुजफ्फरपुर में सोमवार देर शाम रिटायर्ड बैंककर्मी और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से रिटायर्ड कैशियर अशोक कुंवर का शव दूसरी मंजिल पर बेडरूम में पलंग पर औंधेमुंह खून से लथपथ मिला, जबकि नीलम देवी का शव तीसरी मंजिल के एक कमरे में मिला।
अशोक कुंवर के शरीर पर चाकू से वार के कई निशान मिले हैं, जबकि पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह पर चौड़ा टेप चिपकाया गया था। शुरुआती जांच में पत्नी की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी सबसे पहले बेटे डॉ. निखिल कुमार को हुई। उन्होंने मोबाइल से जुड़े घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखीं।
शक होने पर उसने पड़ोसी को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा। पड़ोसी जब घर पहुंचा तो दोनों मृत अवस्था में पाए गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी में भागती नजर आई नीलम देवी
घटना की जानकारी सबसे पहले बेटे डॉ. निखिल कुमार को हुई। उन्होंने मोबाइल से जुड़े घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखीं। फुटेज में उनकी मां नीलम देवी छत की ओर भागती भी दिखाई दीं।
इसके बाद उन्होंने कई बार माता-पिता को फोन किया, लेकिन दोनों मोबाइल स्वीच ऑफ था। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने पड़ोसी अमित कुमार चिक्कू को सूचना दी।
पड़ोसी जब घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए। तीन मंजिला मकान में किराएदार भी रह रहे थे, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
महिला के शरीर पर भी खून के निशान
मृत रिटायर्ड बैंककर्मी की पहचान अशोक कुंवर के रूप में हुई है, जो पंजाब नेशनल बैंक में थे। पत्नी नीलम कुंवर हाउस वाइफ है। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने पहले रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। उनकी पीठ पर करीब एक दर्जन बार चाकू से वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव घर के फर्स्ट फ्लोर पर मिला।
वहीं तीसरे फ्लोर पर पत्नी को मारा गया है। अशोक कुंवर की हत्या के बाद अपराधियों ने उनकी पत्नी को निशाना बनाया। पहले उनका मुंह टेप से बांधा गया और फिर गले में गमछा लपेटकर उनकी हत्या कर दी गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पड़ोसी ने जब घर के अंदर दोनों के शव देखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
पूरे इलाके में दहशत का माहौल
स्थानीय निवासी चिंकू कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे उन्हें मृतक के बेटे निखिल का फोन आया। निखिल ने बताया कि घर का सीसीटीवी कैमरा ठीक से काम नहीं कर रहा है और माता-पिता से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद जब वह घर पहुंचे तो अंदर दोनों का शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
वहीं सीतामढ़ी के रहने वाले रेंटर राजीव ने कहा कि बगल वाले पड़ोसी ने फोन किया कि आपके यहां ऐसी घटना हुई है। हम लोग 5 साल से रह रहे हैं। आज ही मकान मालिक से बात हुई थी। मैं उन्हें रेंट देने गया था। उनकी तबीयत खराब थी, हालचाल पूछा था। मैं यहां टॉप फ्लोर पर अकेले रहता हूं। मुझे पता चला तो मैं आया। उस समय मैं नहीं था। मैं ट्यूशन पढ़ाता हूं।
लूटपाट, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी स्वयं पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट का विरोध, संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
इसके अलावा, आसपास के इलाकों और घर के बाहर लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
SSP बोले- अपराधी कोई परिचित हो सकता है
वहीं SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शाम करीब साढ़े 4 बजे के आसपास दंपती की हत्या हुई है। अभी तक प्रारंभिक जांच हुई है। फुटेज में दो आरोपी दिख रहे हैं। चाकू मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद इस बारे में पुष्टि हो पाएगी। अपराधियों का जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि घर में तीन किराएदार भी रहते हैं। सभी से पूछताछ होगी। घटनास्थल से ग्लव्स, झोला और टेप भी मिला है। महिला के चेहरे पर टेप लगाया गया था। पहले मंजिल पर पति का और दूसरे तल्ले पर कमरे में महिला का शव मिला है। बॉडी से खून निकल रहा था। गोली नहीं चलाई गई है।