पत्थर से भरा ट्रक पलटा, दबने से दो की मौत:दो लोगों को पुलिस-ग्रामीणों ने पट्टियां हटाकर बचाया

जैसलमेर में पत्थर की पट्टियों से भरा ट्रक स्टीयरिंग फेल होने से अनकंट्रोल होकर पलट गया। ट्रक में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। हादसे में ट्रक के केबिन के ऊपर सो रहे दो लोगों की पट्टियों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा सोमवार सुबह करीब 6 बजे जैसलमेर जिले के नाचना थाना क्षेत्र से करीब 40 किलोमीटर दूर अजासर गांव के पास हुआ।

ट्रक अनकंट्रोल होकर पलटा

नाचना थाना प्रभारी (SHO) सुमेरदाना ने बताया – पत्थर की पट्टियों से भरा ट्रक बालसेर से नाचना जा रहा था। ट्रक में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। नाचना थाना क्षेत्र के अजासर गांव के पास ट्रक की स्टीयरिंग फेल हो गई। इसी दौरान बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क पर बने गड्ढों में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह अनकंट्रोल होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही नाचना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

दो लोगों की मौत, तीन घायल

सुमेरदाना ने बताया – ट्रक पलटने के बाद केबिन के ऊपर सो रहे दो लोग पत्थर की पट्टियों के नीचे दब गए। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक और पत्थर की पट्टियों के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में नाड़ी सगरा (देचू, फलोदी) निवासी लाखाराम (36) पुत्र धनाराम भील और अमराराम (37) पुत्र दुर्गाराम की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं केबिन में बैठे मुकेश (35) पुत्र हरूराम, दो भाई घेवरराम (38) और गणपत राम (44) घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए नाचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।