CM ने गुरु रविदास वाणी सेंटर की नींव रखी:जालंधर के नौगज्जा में बनेगी, बच्चे करेंगे रिसर्च, मान बोले-हमें पंजाब बनाना है कैलेफोर्निया नहीं

जालंधर के नौगज्जा में पंजाब CM भगवंत मान ने रविवार को श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र की नींव रखी। सीएम ने कहा कि मुझे आज बहुत मान मससूर हो रहा है कि जालंधर के नौजगज्जा में सेंटर बनकर तैयार होगा। इसमें बच्चे गुरु रविदास महाराज के जीवन पर रिसर्च कर पाएंगे।

सीएम ने कहा कि हमें पंजाब बनाना है कैलेफोर्निया नहीं बनाना है। पहले बच्चे सरकारी स्कूलों में दलिया खाने जाते थे आज पढ़ाई करने जाते हैं। हमने माताओं-बहनों को पैसे दिए हैं, इस पर भी विरोधियों को एतराज है। लोग वोट डालते रहेंगे तो मैं खजाना लुटाता रहूंगा।

सीएम ने कहा कि उन्होंने आज इस बात की भी खुशी हो रही है कि डेरा बल्लां संत निरंजन दास हमारे साथ बैठे हैं। उनको इतना वक्त नहीं होता कि वो किसी फंक्शन में इतनी देर बैठें लेकिन हमने आज जिद की और उनको यहां लाए हैं। सीएम ने कहा कि संत निरंजन दास को बीते दिनों पद्मश्री भी मिला है, जो बहुत ही खुशी की बात है। आज नौगज्जा में जो अध्ययन सेंटर बनाने की नींव रखी है ये आने वाली पीढ़ियों को नॉलेज से जोड़ेगी। उनको धर्म की शिक्षा मिलती रहेगी।

दलित वोट बैंक में सेंधमारी करने की कोशिश में आम आदमी पार्टी

कांग्रेस, बीजेपी के बाद अब आम आदमी पार्टी दलित वोट बैंक में सेंधमारी करने की कोशिश में है। कांग्रेस ने इस प्रोजैक्ट को शुरू करवाने की कोशिश की। भाजपा ने रविदास महाराज के नाम पर जालंधर एयरपोर्ट का नाम रखा। इसके बाद डेरा बल्लां प्रमुख संत निरंजन दास को पद्मश्री से नवाजा। अब आम आदमी पार्टी अध्ययन केंद्र से रविदासिया समुदाय को खुश कर रही है।

दोआबा की राजनीति की धुरी बना डेरा बल्लां बता दें कि जालंधर के बल्लां स्थिति डेरा बल्लां सभी राजनीतिक पार्टियों की धुरी बन चुका है। डेरे का प्रभाव दोआबा की लगभग 23 सीटों पर है। इसमें जालंधर, नवांशहर, होशियारपुर और कपूरथला जिले शामिल हैं। डेरे के साथ बड़ी संख्या में संगत जुड़ी है।

1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेरा पर पहुंचकर विरोधियों को हैरान कर दिया था। उन्होंने संत निरंजन दास के पैर छूकर भी समाज को संदेश दिया कि भाजपा के लिए रविदास महाराज के लिए कितनी श्रद्धा है। इसके बाद फिर से पीएम ने 17 जुलाई को जालंधर कैंट का दौरा किया और श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर ट्रेन चलाई। इसके साथ ही डेरा बल्लां संत निरंजन दास से मुलाकात की। कांग्रेसियों का भी डेरे में आना-जाना लगा रहा। अब आम आदमी पार्टी ने भी अपना कार्ड खेल दिया है।