भारत के कप्तान शुभमन गिल ने उंगली में चोट लगने के तीन दिन बाद पहली बार बल्लेबाजी की। वे रविवार को कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट ग्राउंड में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच के तीसरे दिन बल्लेबाजी करते दिखे।
भारत ने सुबह गेंदबाजी शुरू करने से पहले अपनी पहली पारी 357/6 घोषित कर दी थी। श्रीलंका क्रिकेट XI ने पहली पारी में 363/8 का स्कोर बनाया था।
नेट्स में बल्लेबाजी करते दिखे गिल
सुबह के सत्र में भारत के गेंदबाजी शुरू करने के बाद गिल पैड पहनकर नेट्स में बल्लेबाजी करते दिखे। अभ्यास मैच शुरू होने से एक दिन पहले गुरुवार को ट्रेनिंग के दौरान 26 साल के गिल की उंगली में चोट लगी थी। इसके बाद वे मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे थे।
BCCI ने अपने बयान में कहा था, गुरुवार को भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान कप्तान शुभमन गिल की दाहिनी हाथ की उंगली में चोट लगी। एहतियात के तौर पर वे श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे।
KL राहुल ने संभाली कप्तानी
गिल की गैरमौजूदगी में KL राहुल ने कप्तान की भूमिका निभाई। गिल भारत की पहली पारी में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।भारत की ओर से बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने नाबाद 142 रन की पारी खेली।