सांसद सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में पहुंचे मोदी-शाह:सोनिया-राहुल और प्रियंका भी मौजूद रहे; पीएम कुछ घंटे पहले NCP सांसदों से भी मिले थे

पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता सोमवार को NCP (शरद गुट) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी के रिसेप्शन में पहुंचे।

इस दौरान शाह और मोदी NCP (शरद गुट) प्रमुख शरद पवार के साथ बैठे दिखे। कार्यक्रम में सोनिया, राहुल, प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने इससे कुछ घंटे पहले ही शरद पवार की पार्टी के 8 सांसदों के साथ मुलाकात भी की। मोदी और पवार की साथ बैठे फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

इससे पहले, 22 जुलाई को शरद पवार और सुप्रिया सुले ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी।

NCP (SP) सांसदों ने पीएम को ज्ञापन सौंपा था

सोमवार को ही शरद पवार की पार्टी के लोकसभा के सभी 8 सांसदों ने सुप्रिया सुले के साथ में प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर लिखित ज्ञापन सौंपा।

NCP (SP) सांसद अमोल कोल्हे ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने पुणे-नाशिक सेमी हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट और कृषि कर्ज माफी से जुड़ी चिंताएं प्रधानमंत्री के सामने रखीं।

सूत्रों के मुताबिक, प्याज की कीमतों और चंद्रभागा नदी में प्रदूषण से जुड़े मुद्दे भी बैठक में उठाए गए।

परिसीमन को लेकर अटकलों के बीच हुई मुलाकात

यह मुलाकात केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन पर NCP (SP) के संभावित रुख को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों के बीच हुई। पहले सूत्रों ने संकेत दिया था कि पवार की पार्टी कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है।

ऐसा होने पर पार्टी INDIA ब्लॉक के कुछ दलों से अलग रुख अपना सकती है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा है कि अंतिम कानून देखने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी।

कुछ दिनों पहले शरद पवार के NDA में जाने की अटकलें आईं थीं

जून में शरद पवार की पार्टी NCP(SP) के NDA में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अटकलें सामने आईं थीं। हालांकि, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन सभी चर्चाओं को अफवाह बताया है।

दरअसल, इन अटकलों को उस समय और बल मिला, जब शरद पवार ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर 8 जुलाई को मुंबई में विधानभवन में मीटिंग हुई थी। इसके बाद पवार ने डिप्टी CM शिंदे के कमरे में अपनी पार्टी के विधायकों से मुलाकात की।

कांग्रेस से अलग होकर बनाई थी NCP

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की स्थापना 10 जून 1999 को शरद पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर ने की थी। तीनों नेताओं ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाते हुए पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसके बाद तीनों ने NCP का गठन किया।