ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट में फंसी 5 साल की बच्ची:मेड के साथ 30 मिनट बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में मंगलवार शाम एक लिफ्ट में 5 साल की बच्ची और उसकी मेड लगभग 30 मिनट तक फंसे रहे। सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यह मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हवेलियां वैलेंसीयां होम सोसाइटी के ए टावर का है। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुई, जब बच्ची अपनी मेड के साथ लिफ्ट से नीचे जा रही थी। लिफ्ट 13वीं और 12वीं मंजिल के बीच अचानक बिजली गुल होने के कारण अटक गई।

लिफ्ट रुकने के बाद बच्ची और मेड अंदर फंस गए। मेड ने मदद के लिए इमरजेंसी अलार्म बजाया, लेकिन तत्काल कोई सहायता नहीं मिली। लिफ्ट में अंधेरा और उमस होने के कारण बच्ची को परेशानी हुई।

बच्ची के माता-पिता को जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। लगभग 30 मिनट बाद, मेंटेनेंस टीम और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लिफ्ट का दरवाजा खोलकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में रोष है। उनका आरोप है कि भारी मेंटेनेंस शुल्क चुकाने के बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट अटकने की यह कोई पहली घटना नहीं है, जिससे निवासियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।