62 लाख की ज्वेलरी पहनकर हाथी ने रैंप-वॉक किया:जयपुर में 21 हाथियों का फैशन शो, सूंड से काटा केक, फलों की दावत की

श्री, कंठा, पायजेब समेत 62 लाख के शाही गहनों से सजा बाबू हाथी। रेड कारपेट पर चंदा, पुष्पा और हेमा समेत कई हथिनियों के साथ रैंप वॉक किया। यह नजारा था बुधवार को विश्व हाथी दिवस पर जयपुर के हाथी गांव में हुए फैशन शो का।

इस शो में 21 हाथियों ने 50 मीटर लंबे रेड कारपेट पर पूरे शाही अंदाज में रैंप वॉक किया। हाथियों के साथ उनके महावत भी पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजे-धजे नजर आए। हाथियों का पारंपरिक रंगों, फूलों और आकर्षक आभूषणों से मनमोहक शृंगार किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचे। महावत और हाथी की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

शो में सबसे बड़ा आकर्षण बाबू हाथी रहा। बाबू को राजा-महाराजाओं के जमाने के पारंपरिक चांदी के आभूषणों से सजाया गया था। ये बेशकीमती आभूषण जयपुर राजपरिवार की ओर से हाथी के मालिक शाहिद खान के परिवार को उपहार स्वरूप दिए गए थे।

हाथी के मालिक शाहिद खान का परिवार कई पीढ़ियों से हाथी सवारी (सफारी) के व्यवसाय से जुड़ा है। हाथियों की देखभाल एवं उनसे जुड़े कार्यों की यह अनूठी परंपरा इस परिवार में पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रही है।

हथिनियों ने भी बिखेरा जलवा बाबू के अलावा चंदा, पुष्पा और हेमा जैसी हथिनियों ने भी अपनी शानदार वॉक से दर्शकों का ध्यान खींचा। इस खास मौके पर सभी हाथियों को अलग-अलग पारंपरिक रंगों, फूलों और आकर्षक आभूषणों से सजाया गया था।

तिरंगे के साथ दिखाई दी स्वतंत्रता दिवस की झलक कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के जश्न की झलक भी देखने को मिली। यहां हाथियों को तिरंगे झंडे के साथ रैंप वॉक कराया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति के रंग घुल गया। इस उत्सव में मौजूद लोगों ने इन खूबसूरत पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। बड़ी संख्या में आए विदेशी पर्यटक भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। कुछ पर्यटक तो राजस्थानी पारंपरिक परिधान पहनकर हाथियों पर सवार हुए आए।

फलों की दावत और केक कटिंग फैशन शो के साथ-साथ हाथियों के लिए विशेष रूप से ‘फ्रूट बुफे’ भी लगाया गया था। केले, तरबूज सहित विभिन्न प्रकार के ताजे फलों को हाथियों के सामने परोसा गया। इसके अलावा, कार्यक्रम में केक कटिंग भी मुख्य आकर्षण का हिस्सा रही। जब हाथियों ने अपनी सूंड से केक काटा, तो वहां मौजूद लोगों ने तालियों और उत्साह के साथ इस पल का स्वागत किया।

बुरी नजर से बचाने के लिए दांतों पर बांधा काला धागा महावतों ने हाथियों के दांतों और हाथी दांत से बने आभूषणों पर काला धागा भी बांधा। महावतों के अनुसार, हाथियों को बुरी नजर से बचाने, नकारात्मक ऊर्जा को दूर रखने और उनकी सुरक्षा के उद्देश्य से यह धागा बांधा जाता है।

फैशन शो में सूरीनाम की राजदूत हनीशा जयराम, सूरीनाम की उप राजदूत साची सोएखो, आर्मेनिया के उप राजदूत मराट मैलाकियन, सोमालिया के राजनयिक अब्दिरिसाक सेइद नूर एवं अब्दुल अजीज और राजस्थान सरकार के अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र नायक बतौर अतिथि मौजूद रहे।