11 अगस्त को मेरी मम्मी-दादी खेत और दादा सिलेंडर भराने गए थे। घर पर मैं और मेरी 13 साल की बहन थीं। मैं दुकान पर बैठा था और बहन पेड़ पर झूला झूल रही थी।
तभी बाइक से एक अनजान युवक आया। उसने गुटखा लिया और बहन के पास जाकर बैठ गया। हमें कुरकुरे दिलाए। मैं वहीं बच्चों के साथ खेलने लगा। युवक बहन के सीने पर हाथ लगाने लगा। फिर मुझे पानी लाने बाहर भेज दिया।
तभी एक बच्ची मेरे पास आई और बोली वो दीदी को कमरे में ले गया। मैं आया तो वह कमरे में बहन से रेप करने की कोशिश कर रहा था। मैंने गाली देकर हड़काया और कहा तू मेरी बहन के साथ क्या कर रहा है? मैं उससे भिड़ गया। कहा- अभी बुआ को बुलाकर लाता हूं। मैं बुआ को बुलाने चला गया। यह सुनते ही आरोपी घबरा गया और कपड़े पहनकर बाइक से भाग गया।”
यह कहना है कि झांसी के रहने वाले 11 साल के एक छोटे बच्चे का। जिसने मानसिक रूप से अस्वस्थ अपनी 13 साल की बहन का रेप होने से बचा लिया। यही नहीं, सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने 14 अगस्त की देर रात मुठभेड़ में आरोपी रतिराम रायकवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र 36 साल है। शादी हो चुकी है और उसकी 14 साल की एक बेटी भी है। उस पर रेप के प्रयास का केस दर्ज किया गया। घटना रक्सा थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
11 अगस्त को अनजान युवक दुकान पर गुटखा खरीदने आया था
पीड़िता की दादी ने कहा- मेरे दो बेटे थे। बड़ा बेटा पीआरडी में जवान था, उसने 3 साल पहले सुसाइड कर लिया था। अब बहू, 13 साल की पोती और 11 साल का पोता मेरे पास रहते हैं। छोटा बेटा अपने परिवार के साथ अलग रहता है।
घर के बाहर मेरे पति गुमटी खोले हुए हैं। जिस पर गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और नमकीन बेचते हैं। 11 अगस्त को मैं अपनी बहू के साथ खेत पर गई थी। दोपहर में पति सिलेंडर भराने के लिए रक्सा चले गए। गुमटी खुली थी, जिसे 11 साल का पोता चला रहा था।
पास में चारपाई पर 13 साल की पोती बैठी थी। वो मानसिक रूप से अस्वस्थ है। तभी बाइक से एक अनजान युवक आया। उसने पोती के साथ रेप करने की कोशिश की। मगर पोता की वजह से पोती बच गई। पता नहीं वो क्या करता? हमें किस हाल में बच्ची मिलती।
फुटेज में आरोपी को पहचाना
दादी ने आगे बताया- हम लोग आरोपी को नहीं जानते थे। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी। पोते ने ही बताया कि वो लाल रंग की शर्ट पहने था और हाइवे की तरफ भागा है। तब पुलिस ने रास्ते के सीसीटीवी कैमरे देखे।
उसमें बाइक से आरोपी जाता दिखा। पुलिस पोते को फुटेज दिखाने ले गई तो उसने फुटेज में आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस उसे ढूंढ़ने में जुट गई।
मुठभेड़ में गोली मारकर पकड़ा
सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया था- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान रतिराम रायकवार (36) पुत्र बिहारी रायकवार रूप में की।
वह प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा राजीव नगर का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। शुक्रवार देर रात लगभग 1 बजे मुखबिर से आरोपी रतिराम की लोकेशन मिली।
तब पुलिस ने अठोंदना ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की तो आरोपी फायरिंग करने लगा। काउंटर अटैक में उसके पैर में गोली लगी है। उससे तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक बाइक और 750 रुपए बरामद हुए हैं।
ऐसे दरिंदे को फांसी होनी चाहिए
दादी ने आगे कहा- पुलिस ने गोली मारकर आरोपी को पकड़ा है। ये बहुत अच्छा किया। मगर हम चाहते हैं कि उसे जान से मार दिया जाए। वो साइको है। आज मेरी बच्ची के साथ किया, कल किसी और के साथ करेगा। उसे फांसी की सजा होनी चाहिए।
घटना के बाद पता चला कि आरोपी पहले भी बच्चियों के साथ इस तरह की घटनाएं कर चुका है।उसने पहचान छुपाने के लिए अपनी दाढ़ी-मूंछ क्लीन करा ली थी। ताकि पकड़ा न जाए। बाद में पता चला कि हमारे गांव में उसका दोस्त रहता है। घटना वाले दिन वह दोस्त से मिलकर जा रहा था। बच्चों को अकेला देखकर उसने घटना को अंजाम दिया। अरोपी हलवाई का काम करता है।