पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिलाड़ियों के ट्रेड की रकम सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी एक फ्रेंचाइजी से दूसरी टीम में ट्रेड होता है, तो उसकी पूरी फाइनेंशियल डिटेल पब्लिक डोमेन में होनी चाहिए। गावस्कर के मुताबिक, इससे बाकी फ्रेंचाइजियों को भी पता रहेगा कि टीमों ने तय सैलरी कैप का पालन किया है या नहीं।
गावस्कर बोले- अभी सिर्फ 4 पक्षों को पता चलती है रकम
गावस्कर ने ‘मिड-डे’ के अपने कॉलम में लिखा कि किसी खिलाड़ी के ट्रेड होने पर उसकी रकम की जानकारी संबंधित दोनों फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी और BCCI को होती है। बाकी फ्रेंचाइजियों को इसकी जानकारी नहीं होती।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में दूसरी टीमों को यह पता नहीं चल पाता कि फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम के लिए तय सैलरी कैप को बनाए रखा है या उसका उल्लंघन किया है। इसलिए ट्रेड की रकम भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
बोले- यह सिर्फ दो पार्टियों का मामला नहीं
गावस्कर ने कहा कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग है और इसमें पूरी पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है। उनके मुताबिक ट्रेड की पूरी जानकारी सार्वजनिक होने से लीग पर किसी तरह के सवाल उठाने की गुंजाइश कम होगी।
पंत- कुलदीप का ट्रेड हो चुका, संजू भी CSK गए
IPL में हाल के समय में कई बड़े ट्रेड हुए हैं। 2026 सीजन से पहले संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रेड हुए थे। उनकी मौजूदा लीग फीस 18 करोड़ रुपए रही।
2026 सीजन खत्म होने के बाद ऋषभ पंत और कुलदीप यादव का भी ट्रेड हुआ। पंत लखनऊ सुपर जायंट्स से दिल्ली कैपिटल्स लौटे, जबकि कुलदीप यादव दिल्ली से LSG चले गए। IPL के मुताबिक पंत की नई फीस 15 करोड़ और कुलदीप की 13.50 करोड़ रुपए है।