कनाडा में फरीदकोट की युवती की मौत:हार्ट अटैक आया, 4 साल पहले स्टडी वीजा पर गई; PR के लिए किया था आवेदन

फरीदकोट की 24 वर्षीय अनमोलदीप कौर की कनाडा में हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण और परिचित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना जता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव डोड की समाजसेवी संस्था सुखमणि नेत्रदानी क्लब के प्रधान डॉ. जरनैल सिंह ने अपनी बेटी अनमोलदीप कौर को करीब चार साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा के विनिपेग भेजा था। उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी थी। उसने स्थायी निवास (PR) के लिए आवेदन भी किया हुआ था। मंगलवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

युवाओं के विदेश जाने पर जताई चिंता

मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह, सोहन लाल शर्मा, नगर कौंसिल जैतो के पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह बाबा समेत अन्य ग्रामीणों ने अनमोलदीप के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवा विदेश जा रहे हैं।

शव भारत लाने के लिए मदद की अपील

इस रुझान को रोकने के लिए सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। ग्रामीणों ने अनमोलदीप का शव भारत लाने के लिए परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील भी की है।

पिता बोले- विदेश भेजने के फैसले पर अफसोस

युवती के पिता डॉ. जरनैल सिंह ने कहा कि बेटी की मौत के बाद उन्हें उसे विदेश भेजने के फैसले पर बेहद अफसोस हो रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश जाने वाले बच्चों को पढ़ाई, कामकाज, खान-पान और रहने समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बेटी को खोने का दुख शब्दों में बयां करना मुश्किल है।