बेगूसराय के बाबा हरिगिरीधाम गढ़पुरा में अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। रात 12:00 बजे से ही यहां श्रद्धालुओं को भीड़ जुटने लगी थी और लाइन मंदिर से लेकर गढ़पुरा चौक करीब 2 किलोमीटर तक लग गई। 3:00 बजे विशेष पूजा के बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया है। आज करीब 2 लाख लोगों के जलाभिषेक करने का अनुमान है।
अंतिम सोमवारी को लेकर बेगूसराय सहित आसपास के इलाकों में शिवभक्तों में उत्साह है। रविवार दोपहर से ही जिले के प्रमुख गंगा घाटों सिमरिया और झमटिया घाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा, समस्तीपुर के विद्यापतिनगर और थानेश्वरस्थान सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए करीब 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगाजल उठाया है।
शिवभक्ति में लीन श्रद्धालु
कांवड़ियों का जत्था बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपने-अपने गंतव्य शिवालयों की ओर बढ़ रहा है। रास्ते में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालु नाचते-गाते और शिव भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ रहे हैं।
सिर के बालों पर उकेरा बोल बम, ॐ और ‘त्रिशूल
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के तरह-तरह के रूप आस्था देखने को मिल रही है। बेगूसराय जिले के बाधी गांव निवासी पप्पू कुमार इस यात्रा में आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं। पप्पू कुमार ने अपनी शिवभक्ति का अनोखा तरीका अपनाते हुए अपने सिर के बालों को विशेष स्टाइल में कटवाया है।
उनके सिर पर एक तरफ स्पष्ट अक्षरों में बोल बम, दूसरी तरफ ॐ और पीछे त्रिशूल की आकृति उकेरी गई है। पप्पू ने बताया कि हम 8 लोगों का जत्था पहले देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम गया था। वहां से लौटने के बाद अब सिमरिया घाट से जल लेकर गढ़पुरा स्थित बाबा हरिगिरिधाम के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। बाबा भोलेनाथ की भक्ति में ही हमें आनंद मिलता है।
बाबा हरिगिरिधाम में 10 से अधिक ड्रॉप गेट बनाए गए
अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी संभावित भीड़ को देखते हुए गढ़पुरा स्थित बाबा हरिगिरिधाम में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर परिसर में मजबूत बांस-बल्ले की बैरिकेडिंग की गई है और 10 से अधिक ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। पूरे मंदिर परिसर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर दंडाधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और स्वयंसेवकों की टीम तैनात की गई है। हाल ही में लखीसराय के अशोकधाम में हुई घटना से सबक लेते हुए एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ और डीएसपी कुंदन कुमार ने कहा है कि एक छोटी सी लापरवाही भी किसी बड़ी अनहोनी या हादसे का कारण बन सकती है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा व्यवस्था के लिए बनाए गए नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी, एक गाड़ी परिसर में स्टैंडबाय रहेगी और दूसरी गतिमान स्थिति में रहेगी। गढ़पुरा पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत मेडिकल हेल्प दी जा सके।
उमस और गर्मी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पेयजल टैंकरों और निर्बाध बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।