दिल्ली में स्विफ्ट-SUV की टक्कर, AAP-भाजपा विधायक समेत 6 घायल:इनोवा में साथ थे दोनों MLA; दूसरी लेन से आई कार डिवाइडर से टकराकर भिड़ी

दिल्ली के ITO ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार रात करीब 9:30 बजे एक स्विफ्ट कार और SUV में टक्कर हो गई। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए। इनमें दो लोग भाजपा और AAP के विधायक हैं। हादसा पुराने पुलिस हेडक्वार्टर के सामने PWD ऑफिस के पास हुआ।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्विफ्ट 32 साल के आशुतोष पांडे चला रहे थे। कार में उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी सवार थे। दूसरी तरफ इनोवा में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा AAP विधायक अनिल झा और कर्नाटक के BJP विधायक अभय पाटिल समेत लोग मौजूद थे।

पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी नगर से ITO की तरफ जा रही एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और रेलिंग पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसके बाद सामने से आ रही इनोवा SUV से उसकी टक्कर हो गई, जिसमें दोनों विधायक बैठे थे।

दोनों विधायक LNJP अस्पताल में भर्ती

टक्कर के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत स्थिर है। हादसे में घायल दोनों विधायकों की स्थिति भी सामान्य बताई गई है।

स्विफ्ट का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा इतना जोरदार था कि स्विफ्ट का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी के पार्ट्स टूटकर सड़क पर बिखड़ गए। विधायकों की इनोवा कार के आगे का हिस्सा भी बुरी तरह डैमेज हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही आईपी एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर क्षतिग्रस्त कारों के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने में मदद की, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

स्विफ्ट ड्राइवर बोले- SUV ने पीछे से मेरी कार को टक्कर मारी

स्विफ्ट कार चला रहे आशुतोष पांडे ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, मैं ITO की रेड लाइट से दाहिने तरफ मुड़ा। मैं मुड़ा ही था, इसलिए मेरी गाड़ी की स्पीड 20kmph के आसपास ही रही होगी। मैं पुलिस हेडक्वाटर के पास पहुंचा था।

पीछे से एक गाड़ी काफी स्पीड में आ रही थी। उसने सड़क का एंगल तोड़ते हुए मेरी गाड़ी को टक्कर मारी। एयरबैग खुल गए थे, इसलिए मुझे सिर्फ झटका लगा। मेरी गाड़ी हिट हुई थी, मैं खुद को संभालने में लगा था, उस गाड़ी में कौन था, ये देख नहीं पाया।

घायल AAP विधायक अनिल झा पहले भाजपा में थे

अनिल झा दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हैं। उन्होंने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी के बजरंग शुक्ला को 21,871 वोटों से हराया।

उन्होंने IGNOU से लाइब्रेरी साइंस में एमए किया है। उपलब्ध चुनावी हलफनामे के अनुसार, 2025 में उनकी घोषित संपत्ति करीब 4.33 करोड़ रुपये थी।

बीजेपी के अभय पाटिल चार बार से बेलगावी से विधायक

अभय पाटिल कर्नाटक की बेलगावी दक्षिण विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं। वे 2023 में लगातार चौथी बार इस सीट से विधानसभा के लिए चुने गए। इससे पहले वे 2004-07, 2008-13 और 2018-23 में भी विधायक रहे हैं।

कर्नाटक विधानसभा के आधिकारिक प्रोफाइल के अनुसार, उनका जन्म 1969 में बेलगावी में हुआ था। वे कृषि और समाज सेवा से जुड़े हैं। उनकी शिक्षा SSLC और नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट तक है।