नारनौल के जोहड़ में मिला पूर्व सरपंच का शव:ग्रामीणों ने मांगी रेलिंग, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल; बोले- तारबंदी के इंतजाम करे प्रशासन

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नांगल चौधरी कस्बे के अकड़ बम जोहड़ में गुरुवार को पूर्व सरपंच एवं समाजसेवी मालाराम चौधरी का शव पानी में मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह जोहड़ में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों की मौके पर जुटी भीड़

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पूर्व सरपंच मालाराम चौधरी के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिचितों और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त हो गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है तथा मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर अकड़ बम जोहड़ की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर पालिका द्वारा जोहड़ के चारों ओर मजबूत रेलिंग, तारबंदी अथवा अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो ऐसी घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो सकती थी।

15 दिन पहले भी हुई थी घटना

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब 15 दिन पहले भी एक व्यक्ति जोहड़ में गिर गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। वहीं करीब पांच माह पहले भी एक अन्य व्यक्ति को ग्रामीणों ने तैरकर बचाया था। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा के स्थायी इंतजाम नहीं किए जाने से लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी है।

ग्रामीणों की रेलिंग लगाने की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जोहड़ के चारों ओर रेलिंग, तारबंदी, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाए। लोगों का कहना है कि किसी और हादसे का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।