हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर चल रहे एक ऑडियो ने हरियाणवी सिंगर राहुल पुठी और उनके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर ऑडियो में गैंगवार से जुड़ी बातचीत के साथ अंकित बालियान की हत्या के बाद दो और मर्डर किए जाने की बात कही जा रही है।
इसी बीच ‘कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गीत के सिंगर राहुल पुठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने और किसी भी गैंग के बीच संबंध होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार इन घटनाओं को लेकर काफी परेशान और डिप्रेस्ड है।
राहुल ने कहा कि उनके गाने केवल मनोरंजन के लिए होते हैं और उनका किसी गैंग से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अपने चर्चित गाने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे’ को लेकर भी माफी मांगते हुए कहा कि अगर किसी भाई को इस गाने के बोल से परेशानी हुई है तो वह इसके लिए हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।
वीडियो जारी कर राहुल पुठी बोले- परिवार परेशान है
हिसार के गांव पुठी के रहने वाले सिंगर राहुल पुठी ने वीडियो जारी कर कहा कि पिछले कई दिनों से हरियाणा और यूपी में जो कुछ हो रहा है, उससे उनका पूरा परिवार बेहद दुखी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और न्यूज में चल रहे ऑडियो को सुनकर उनके मम्मी-पापा, बहन और वह खुद काफी परेशान हैं। राहुल ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि उनके नाम को भी इन घटनाओं और गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘मेरा किसी गैंग से कोई संबंध नहीं’
राहुल पुठी ने साफ शब्दों में कहा कि उनका किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है और न ही उनका किसी गैंग से कोई मतलब है। उन्होंने कहा कि वह केवल अपने गाने गाते हैं। राहुल ने यह भी कहा कि वह अकेले ऐसे सिंगर नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के तमाम कलाकार अलग-अलग विषयों पर गाने बनाते हैं और इनका उद्देश्य मनोरंजन होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके गानों को वास्तविक घटनाओं या किसी गैंग के समर्थन के तौर पर न देखा जाए।
‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने को लेकर मांगी माफी
राहुल पुठी ने अपने गाने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ का जिक्र करते हुए कहा कि अगर किसी भाई को गाने के बोल या वीडियो से परेशानी हुई है तो मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा कि गाने बनाना उनके लिए मनोरंजन और टाइम पास का हिस्सा है।
कमेंट में गलत भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की अपील
राहुल पुठी ने सोशल मीडिया यूजर्स से भी अपील की कि उनके वीडियो और पोस्ट पर गलत कमेंट न किए जाएं। उन्होंने कहा कि हर इंसान का परिवार होता है और किसी के बारे में कुछ भी लिखने से पहले उसके परिवार के बारे में भी सोचना चाहिए। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने और उनके नाम को गैंगवार से न जोड़ने की अपील की।
अंकित बालियान की हत्या के बाद फिर चर्चा में आया गाना राहुल पुठी का यह स्पष्टीकरण उस समय सामने आया है, जब उनके गाने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे’ को लेकर सोशल मीडिया पर दोबारा चर्चा शुरू हुई है। गाने में अंकित बालियान ने एक्टिंग की थी, जबकि गाना राहुल पुठी ने गाया था। अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर इस गाने के ऑडियो और वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
गाने को गोगी-टिल्लू गैंग की दुश्मनी से जोड़कर देखा गया
जितेंद्र गोगी और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी रही थी। साल 2021 में रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाना सामने आया। आरोप है कि गोगी गैंग से जुड़े लोगों को शक था कि गाने के बोल रोहिणी कोर्ट में हुई गोगी की हत्या का मजाक उड़ाते हैं और यह टिल्लू गैंग के समर्थन में बनाया गया था।
अंकित को लेकर पुलिस की जांच में सामने आई थी यह बात
गैंग की ओर से अंकित बालियान के टिल्लू गैंग से जुड़े होने का शक किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि पुलिस के मुताबिक अंकित केवल गाने के वीडियो में नजर आया था। गाने के बोल लिखने या संगीत तैयार करने में उसकी भूमिका नहीं थी। अंकित की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर पुराने गाने के ऑडियो के साथ कथित तौर पर दो और हत्याओं की बातें किए जाने से मामला फिर चर्चा में आ गया है।
राहुल पुठी का मासूम शर्मा के साथ भी हो चुका विवाद
मासूम शर्मा और राहुल पुठी के बीच विवाद ‘एक खटोला जेल के भीतर’ गाने से शुरू हुआ। मासूम के ‘एक खटोला’ गाने के जवाब में राहुल पुट्ठी ने ‘जेल में बेड’ गाना लॅान्च किया था। उसके बाद मासूम शर्मा का ‘खटोला-2’ गाना आया तो राहुल पुट्ठी ने उसके जवाब में ‘जेल में कट्टा’ लॅान्च किया। लगातार विवाद के बीच हरियाणा सरकार ने बदमाशी से जुड़े गानों पर एक्शन लिया तो दोनों के ये गाने डिलीट हो गए।