पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के भतीजे की हत्या:रेवाड़ी में पेशाब करते वक्त सिर पर वार; ठेकेदार दोस्त पर आरोप

रेवाड़ी के कमालपुर गांव में भाड़ावास रोड पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के 40 वर्षीय भतीजे के मर्डर से हड़कंप मच गया। आरोपी मृतक के बपचन के दोस्त कंस्ट्रक्शन ठेकेदार व उसके दो दोस्तों पर लगे हैं। जिसका एक सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें जितेंद्र और प्रवीण दो अन्य युवकों के साथ एक काले रंग की कार में सवार होकर आते है।

इसी दौरान एक युवक पेशाब करते समय जितेंद्र के सिर पर पीछे से हमला कर देता है। जिससे वह आगे गिर जाता है और गिरने के बाद भी एक के बाद एक तीन वार करता है। फिर पीछे से एक युवक हमलावर को पकड़कर पीछे ले जाता है। इसके बाद आरोपी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं।

सूचना के बाद शव को कब्जे में लेकर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

चाचा बोले- दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे

मृतक के चाचा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि जितेंद्र और प्रवीण दोनों बचपन से अच्छे दोस्त थे। जितेंद्र दोपहर करीब 3 मोटरसाइकिल पर डेयरी के लिए घर से निकला था। शाम को मैने उसे गांव के बस अड्‌डे पर भी देखा। शाम को सरपंच ने उसे फोन पर बताया कि जितेंद्र को गोली मार दी।

उसके मौके पर पहुंचने से पहले पुलिस वहां पहुंच चुकी थी। जितेंद्र मुंधे मुंह जमीन पर पड़ा था, सिर में चोट के निशान थे। सीसीटीवी देखने पर पता चला कि प्रवीण ने अपने दोस्तों के साथ उसके भतीजे का मर्डर किया है। प्रवीण ने दोस्ती में साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया है।

गांव में ही खेतीबाड़ी करते थे मृतक

जानकारी के अनुसार भाड़ावास रोड पर सोमवार शाम को एचपीसीएल प्लांट के पास खाली पड़ी जमीन में लोगों ने एक शव पड़ा देखा। जिसके बाद मामले की जानकारी सरपंच और पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि मृतक गांव कमालपुर के ही रहने वाले जितेंद्र यादव है।

जो गांव में खेती- बाड़ी का काम करते थे। घर में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी है। जांच के दौरान सिर पर चोट के निशान मिले, जिस कारण पुलस फिलहाल इसे हत्या का मामला मानकर चल रही है।

20 साल से दोस्त प्रवीन-जितेंद्र

जानकारी के अनुसार मृतक जितेंद्र यादव और प्रवीण करीब 20 साल से अच्छे दोस्त रहे हैं। जितेंद्र खेती-बाड़ी करते थे तथा प्रवीण कंस्ट्रक्शन ठेकेदार है। प्रवीण पर ही हत्या के आरोप लग रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं पाया है कि दोस्त ने दोस्त की हत्या क्यों की। फिलहाल पुलिस भी इस मामले में खुलकर बोलने से बच रही है।

जल्द होगी गिरफ्तारी

मॉडल टाउन थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी प्रवीण ठेकेदार को नामजद कर दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।