नूंह में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर से टकराई बाइक:ससुराल जा रहे मस्जिद के इमाम की मौत, ड्राइवर फरार; 6 बच्चों के पिता

नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के झिंमरावट गांव के पास बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में 32 साल के बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पलवल के ढकलपुर गांव निवासी सरफराज पुत्र जाकिर के रूप में हुई है। सरफराज अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में सामने से खेत जोतकर आ रहे एक ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से उनकी बाइक टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरफराज के सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने अस्पताल भिजवाया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया। सरफराज मलाई गांव की एक मस्जिद में इमाम थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और ससुराल पक्ष में शोक छा गया। सरफराज शादीशुदा थे और उनके छह बच्चे हैं, जिनमें एक लड़की और पांच लड़के शामिल हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सरफराज की अचानक मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है। जांचकर्ता एएसआई सुखराम ने बताया कि परिजनों की शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।