कनाडा में जिंदा जला पंजाबी युवक:कार से टक्कर के बाद 25 फीट दूर गिरी गाड़ी, आग लगी; 2 साल पहले गया था

कनाडा में पंजाबी युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। युवक अपनी होंडा सीआरवी से फैलोफील्ड रोड और ओल्ड रिचमंड रोड पर पहुंचा तो उसकी टक्कर दूसरी कार से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें एक-दूसरे से 25 फीट दूर जाकर गिरीं।

इसके बाद उनमें आग लग गई। घायल होने के चलते युवक कार से बाहर नहीं निकल पाया। वहीं दूसरी कार के ड्राइवर को रेस्क्यू कर लिया गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

दो साल पहले कनाडा गया था युवक

युवक की पहचान होशियारपुर के टांडा निवासी ब्रह्मजोत सिंह के रूप में हुई है। वह दो साल पहले कनाडा गया था। एक्सीडेंट कनाडा की राजधानी ओटावा के दक्षिण-पश्चिम इलाके में बुधवार देर रात एक बजे के बाद हुआ था। मरने वाले की पहचान के बाद पुलिस ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग में जानकारी दी।

आग की लपटों से कार के पास नहीं पहुंच पाए फायर कर्मी

ओटावा फायर सर्विसेज और पुलिस के अनुसार यह सीधी टक्कर होंडा सीआरवी और किया सोरेंटो के बीच हुई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि शुरुआत में फायर कर्मियों के लिए गाड़ी के पास पहुंचना भी मुश्किल हो गया था। कड़ी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तब दमकल कर्मियों को होंडा की अगली सीट पर युवक का जला हुआ शव मिला। कार में उसके अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। पैरामेडिक्स ने उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।

दूसरा कार ड्राइवर भी गंभीर

दूसरी कार (किया सोरेंटो) का ड्राइवर भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं टांडा में जैसे ही ब्रह्मजोत की मौत की खबर पहुंची पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों से दुख साझा करने वालों का तांता लग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किस गाड़ी की लापरवाही से हुआ इसकी जांच शुरू कर दी है।

एक साल के अंदर दूसरा बड़ा हादसा

हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने कहा कि ये रोड मौत का रोड बनता जा रहा है। एक साल के अंदर ये दूसरा बड़ा हादसा है। इस रोड को ठीक करवाने और यहां सेफ्टी के इंतजाम के लिए वे कोर्ट का रुख करेंगे।