कांग्रेस बोली- पंजाब में पुलिसवालों को पहचान छुपाने को कहा:3 जिलों में आदेश- अकेले न रहें, वर्दी पहनकर न आएं; 3 ASI का कत्ल हो चुका

कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने दावा किया है कि पंजाब में 3 ASI के मर्डर के बाद पुलिसकर्मियों को भी पहचान छुपाने के लिए वर्दी न पहनकर ड्यूटी पर आने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पोस्ट की है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IG) कार्यालय की ओर से ये हिदायतें जारी की गई हैं।

जिसमें अमृतसर देहात, बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के SSP को पुलिस कर्मचारियों की निजी सुरक्षा, ड्यूटी पॉइंट और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर विशेष हिदायतें जारी की गई हैं। अधिकारियों को इन निर्देशों की सख्ती से पालन करवाने के लिए कहा गया है।

ऑडियो में किसी महिला की आवाज है, जो अपने आप को पुलिस मुलाजिम ही बता रही है। वह कह रही है कि अधिकारियों से सभी पुलिसवालों को निर्देश मिले हैं कि वर्दी, बेल्ट, पहचान चिन्ह, पुलिस उपकरण या ऐसा कोई सामान प्रदर्शित नहीं करना है, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।

कर्मचारियों को निजी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और आने-जाने की दिनचर्या में संभव बदलाव रखने को कहा गया है। पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने भी ये ऑडियो पोस्ट की है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस ऑडियो और इन वायरल दावों के सही होने की पुष्टि नहीं करता।

  • इस्लामाबाद में एनकाउंटर के बाद निर्देश आए: वायरल ऑडियो में कोई महिला कह रही है- सभी मुलाजिम इस ऑडियो को ध्यान से सुन लें। अभी सीपी साहब की मीटिंग हुई है। इस्लामाबाद में, ASI हरजीत सिंह के मर्डर के बाद हुए एनकाउंटर के बाद ये निर्देश दिए गए हैं।
  • कोई भी मुलाजिम वर्दी में न आए: ऑडियो में कहा जा रहा है- जांच में पता चला है कि पुलिस मुलाजिमों को आप मारेंगे तो मारने वाले को आगे काम दिया जाएगा। इसलिए, सीपी साहब की ओर से सख्त हिदायत है कि कोई भी मुलाजिम, चाहे गाड़ी में आ रहा हो या साइकिल पर, वह अपनी वर्दी में नहीं होगा। जूते से लेकर पगड़ी तक कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में नजर नहीं आना चाहिए। सभी सिविल ड्रेस में आएंगे। अगर किसी भी मुलाजिम को आते-जाते वर्दी में देखा गया तो एक्शन होगा।
  • और मुलाजिमों को निशाना बनाया जा सकता है: वायरल ऑडियो में कहा जा रहा है- जब ड्यूटी पर आना है, थाने तक सिविल ड्रेस में ही आना है और ड्यूटी खत्म होने के बाद भी थाने में ही वर्दी बदलकर जाना है। जांच में यह भी पता चला है कि 5-6 और मुलाजिमों को निशाना बनाए जाने की आशंका है। एक एनकाउंटर होने के बाद ऐसी घटनाएं और बढ़ गई हैं। इनमें शहर के पुलिस मुलाजिम भी निशाने पर होंगे।
  • महिला कर्मियों के लिए भी मैसेज: ऑडियो में सुनाई दे रहा है- महिला पुलिस मुलाजिम भी इस निर्देश को ध्यान से सुनें। जो हरविंदर या शरण आदि हैं, वे भी वर्दी पहनकर एक्टिवा पर घूम रही हैं। उन्हें भी सिविल ड्रेस में ही आना-जाना है। थाने पहुंचकर वर्दी पहननी है और ड्यूटी खत्म होने पर थाने में ही वर्दी बदलकर जाना है।

    थानों-चौकियों के आसपास संदिग्धों पर नजर

    सोशल मीडिया पर राजा वड़िंग और बिक्रम मजीठिया की पोस्ट के साथ कुछ कागज भी डाले गए हैं। जिनमें भी दावा किया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों ने पुलिस कैंपों, थानों, चौकियों और न्यायिक स्थानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देने और जरूरी कानूनी व सुरक्षा कार्रवाई करने को कहा गया है।

    रात के समय थानों, चौकियों और संवेदनशील पॉइंटों की चेकिंग के लिए गजटेड अधिकारियों और SHO को व्यक्तिगत तौर पर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। चेकिंग को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए संतरी ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की सतर्कता की वास्तविक स्थिति जांचने को कहा गया है।

    नाके पर 360 डिग्री सुरक्षा के निर्देश, अकेले आने-जाने से बचें, बडी पेयर सिस्टम अपनाएं

    दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों को नाके और चेकिंग पॉइंटों पर 360 डिग्री सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। सभी कर्मचारियों को एक ही जगह पर बैठने से बचने, एक हथियारबंद और सतर्क संतरी तैनात रखने व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जांच के दौरान पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है।

    ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के गैर-जरूरी इस्तेमाल और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की हिदायत दी गई है। कर्मचारियों को जहां तक संभव हो, अकेले आने-जाने से बचने और बडी पेयर सिस्टम के तहत आवाजाही करने को कहा गया है।

    संदिग्ध विदेशी संपर्क सामने आने पर उसकी गहन जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा गैंगस्टर और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में एजीटीएफ और नशा तस्करी से जुड़े मामलों में एएनटीएफ के साथ तुरंत सूचना शेयर करने और जरूरत के अनुसार इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    इस बारे में पुलिस अधिकारी क्या कह रहे

    वायरल पोस्टों के बारे में जानकारी लेने के लिए जब दैनिक भास्कर ने अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस के एक SHO से बात की तो उन्होंने अपना नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बताया कि इस बारे में अभी तक उनके पास ऐसे कोई निर्देश नहीं हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों और ऑडियो के बारे में कहा कि इसकी जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में आज ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी स्थिति साफ करेंगे।