सिरसा के मांगेआना गांव में 75 हरे पेड़ काटने के आरोप मामले में जांच के बाद आखिरकार सरपंच सुदेश रानी और सरपंच प्रतिनिधि दयानंद शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डबवाली सदर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई डीएसपी कालांवाली की जांच रिपोर्ट के बाद की है। इसे लेकर मामले में जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, मांगेआना गांव के रहने वाले प्रीतपाल सिंह ने अधिकारियों से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव की श्मशान भूमि और व्यायामशाला से करीब 70 से 75 हरे पेड़ काटकर बेच दिए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद बीडीपीओ डबवाली और वन मंडल अधिकारी सिरसा की टीमों ने मौके पर जाकर जांच की।
बता दें कि इससे पहले कालुआना गांव में जलघर से हरे पेड़ काटने का मामला चर्चाओं में रहा था और ये मुद्दा ग्रीवेंस मीटिंग में भी उठा था। गांव के जल घर से 31 हरे पेड़ काटने का मामला काफी चर्चा में रहा था। जिस पर प्रशासनिक स्तर पर और मंत्री अनिल विज की बैठकों में सख्त कार्रवाई व जांच के निर्देश दिए गए थे।
75 छोटे-बड़े पेड़ काटे
जांच में पता चला कि श्मशान भूमि और व्यायामशाला में सड़क और ट्रैक बनाने के दौरान करीब 75 छोटे-बड़े पेड़ काटे गए थे। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि खिलाड़ियों ने जो पौधे लगाए थे, उन्हें भी नुकसान पहुंचा है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, पेड़ काटने से पहले वन विभाग से कोई परमिशन नहीं ली गई थी। साथ ही काटे गए पेड़ों की कीमत भी तय नहीं करवाई गई।
काटे पेड़ों की कीमत 40 हजार
डीएसपी कालांवाली की जांच रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने सरपंच सुदेश रानी और सरपंच प्रतिनिधि दयानंद शर्मा पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, काटे गए पेड़ों की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस मामले से जुड़े कागजात और बाकी तथ्यों की जांच कर रही है।