लुधियाना में आधी रात महिला CA का हंगामा:पुलिस चौकी के बाहर बैठी,बोली-काम से घर पहुंची तो ताला लगा था;धोखे से बेचा पति-सास ने मकान

लुधियाना में पुलिस चौकी बसंत एवेन्यू के बाहर आधी रात एक महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला का अपने पति के साथ करीब एक साल से विवाद चल रहा है।

महिला का आरोप है कि उसके पति ने अपनी मां के साथ मिलकर उस मकान को बेच दिया, जिसमें वह रह रही थी। वह जब काम से वापस घर पहुंची तो वहां नए मालिकों को देखकर परेशान हो गई। इसके बाद उसने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और देर रात पुलिस चौकी बसंत एवेन्यू पहुंचकर शिकायत दी।

9 साल पहले हुई शादी

महिला की पहचान CA तनवी गुप्ता निवासी मास्टर कॉलोनी, जैन मंदिर रोड के रूप में हुई है। तनवी के मुताबिक उसकी शादी करीब 9 साल पहले हुई थी और उसका 8 साल का बेटा है। वह पेशे से सीए है और नौकरी करती है। उसका आरोप है कि उसकी सास को उसका नौकरी करना पसंद नहीं है। पति भी उसे नौकरी छोड़ने के लिए कहता है।

दफ्तर से देर होने पर विवाद, मारपीट का आरोप

तनवी ने आरोप लगाया कि कई बार दफ्तर के काम के चलते उसे घर पहुंचने में आधा से पौना घंटा देरी हो जाती थी। इस बात को लेकर पति और सास उसके साथ गाली-गलौज करते थे। महिला का आरोप है कि उसका पति कई बार उसके साथ मारपीट भी कर चुका है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे धोखे से घर से बाहर निकालने की कई बार कोशिश की गई। इन विवादों के चलते उसने कोर्ट में भी याचिका दायर कर रखी है।

घर पहुंची तो ताला लगा था, सामान बिखरा मिला

तनवी के मुताबिक बीती रात जब वह काम से वापस घर पहुंची तो मकान पर ताला लगा हुआ था। उसने आरोप लगाया कि घर के अंदर उसकी अलमारी और सामान भी इधर-उधर किया गया था। उसमें उसका कीमती सामान सोना, चांदी और पढ़ाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके बाद उसने 112 पर कॉल की। सूचना मिलने पर पीसीआर टीम मौके पर पहुंची।

महिला के मुताबिक पुलिस के सामने उसके पति ने थाने आकर लिखित बयान देने की बात कही, लेकिन वह पुलिस चौकी नहीं पहुंचा। इसके बाद तनवी देर रात तक पुलिस चौकी के बाहर बैठी रही।

छत न होने पर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुई

तनवी ने बताया कि रात करीब 1 बजे तक कोई समाधान नहीं होने और सिर पर छत न होने के कारण उसने घर की दीवार फांदकर अंदर जाने का फैसला किया। महिला का कहना है कि घर के प्रांगण में उसने बैठ कर रात बिताई।

बोली-मेरी जान को खतरा, पति-सास को मां-बाप से बात करनी चाहिए

तनवी ने कहा कि यदि उसके पति या सास को उससे कोई परेशानी है तो वे उसके माता-पिता से बात करें। उसके साथ मारपीट या गाली-गलौज न की जाए। महिला का आरोप है कि अब उसका पति कुछ लोगों को साथ लेकर घर के बाहर चक्कर लगा रहा है। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और मामले में कार्रवाई की मांग की है।

महिला के पति से जब बातचीत की गई तो उसने कहा कि वह जल्द लिखित में अपना पक्ष देंगे। उनका पक्ष आने के बाद प्रकाशित किया जाएगा। इस मामले में बसंत एवेन्यू पुलिस चौकी से पुलिस का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।