जयपुर में सांगानेर सदर थाना इलाके के सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वर्कशॉप में खड़ी करीब 8 कार, एसेसरीज और महंगे पार्ट्स जलकर खाक हो गए। आग का धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को फैलने से रोकने के लिए आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई। करीब 10 दमकलों ने 2 दर्जन से ज्यादा फेरे लगाकर करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वर्कशॉप में खड़ी थीं 50 से ज्यादा कारें
हादसे के समय वर्कशॉप में नई और पुरानी 50 से ज्यादा कारें खड़ी थीं। आग फैलने से पहले दमकलकर्मियों और पुलिस ने कई कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। फायर ऑफिसर उषा शर्मा ने बताया कि करीब 10 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा ने बताया कि कई कारों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।