होटल मालिक का कुत्ता लापता, ₹25 हजार इनाम रखा:सिरसा में दो लोग स्कूटी पर ले जाते दिखे; हर साल बर्थडे मनाता था परिवार

हरियाणा के सिरसा में एक मैरिज पैलेस संचालक का पालतू कुत्ता गुम हो गया। मालिक ने कुत्ते को ढूंढकर लाने वाले को 25 हजार रुपए इनाम देने का ऐलान किया है। पग नस्ल का जेरी 18 सितंबर को लापता हुआ था। परिवार के हाथ एक CCTV फुटेज लगी है, जिसमें इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार दो लोग जेरी को रेलवे स्टेशन की तरफ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जेरी के मालिक राजीव कुमार बंसल हैं। वह परिवार के साथ डबवाली में गोली चौक के पास रहते हैं। राजीव बंसल का मैरिज पैलेस और रिगल फूड नाम से फाइन डाइन रेस्टोरेंट है। परिवार पुलिस को भी जेरी के लापता होने की शिकायत देगा। परिवार साढ़े 3 साल पहले जेरी को लेकर आया था। वे हर साल उसका जन्मदिन सेलिब्रेट करते थे।

तीन साल पहले दोस्त से लेकर आए थे जेरी

राजीव ने दैनिक भास्कर को बताया कि किलियांवाली में हरराज सिंह नाम का उनका एक दोस्त है। करीब सवा तीन साल पहले वह हरराज सिंह से ही जेरी को लेकर आए थे। उस समय उनके बेटे की रिसेप्शन पार्टी थी। भोज कार्यक्रम का काम हरराज सिंह के पास था। उनके घर पर पग नस्ल की एक फीमेल डॉगी और उसके कुछ पिल्ले थे। राजीव को वे पसंद आ गए थे।

22 फरवरी को घर लाए, इसी दिन मनाते हैं जन्मदिन

राजीव ने बताया कि कार्यक्रम के काम के पैसों में से ही कुछ छूट देकर उन्हें जेरी दे दिया गया था। वह 22 फरवरी 2023 को जेरी को घर लेकर आए थे। इसी तारीख को वे हर साल जेरी का जन्मदिन मनाते हैं। पिछले जन्मदिन पर भी बच्चों और परिवार के साथ केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया था।

संभव है गलती से जेरी को ले गए हों

राजीव बंसल ने बताया कि जेरी पग नस्ल का डॉगी है, जो बेहद शांत स्वभाव का होता है और ज्यादा भौंकता भी नहीं है। वह जहां रहता है, वहां के लोगों से घुल-मिल जाता है। इसी वजह से संभव है कि दोनों उसे उठाकर ले गए हों। अगर डॉगी भौंकने वाला या आक्रामक होता तो शायद कोई उसे हाथ भी नहीं लगाता।

CCTV में दिखे दो स्कूटी सवार, तलाश जारी

राजीव ने बताया कि अब CCTV फुटेज मिली है, जिसके आधार पर दोनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। 18 सितंबर की शाम को दो लोग इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जेरी को ले जाते दिखाई दे रहे हैं। उनका पीछा किया जा रहा है। दोनों डबवाली शहर के ही लग रहे हैं। जेरी को ढूंढकर लाने या उसके बारे में सही सूचना देने वाले को 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।

परिवार को काफी लगाव, बेड पर साथ सोता था

राजीव ने बताया कि उनके परिवार में 7 से 8 सदस्य हैं और सभी का जेरी से काफी लगाव था। वह कभी घर से बाहर नहीं जाता था और शांत स्वभाव का था। वह उनके पास ही बेड पर सोता था। काम के बाद शाम को घर लौटने पर थकान होती थी। ऐसे में परिवार के सभी सदस्य जेरी के साथ मस्ती करते थे। वह टेडी बीयर की तरह था।

जेरी के मिसिंग होने से परिवार टेंशन में

राजीव ने बताया कि जेरी के मिसिंग होने के बाद से परिवार के सभी लोग टेंशन में हैं। किसी का मन नहीं लग रहा और सभी उदास हैं। जब भी कोई घर पर आता था तो जेरी उसके पैरों के पास जाकर बैठ जाता था। वह किसी को कुछ नहीं कहता था। जेरी परिवार के एक सदस्य की तरह था। उसके नहीं मिलने से सभी को दुख है।