समस्तीपुर में जमुई जैसा कांड, बीच सड़क लड़की से छेड़खानी:छोड़ने की गुहार लगाती रही; बोली- भाई को बुलाती हूं; लड़कों ने कहा बुला लो

बिहार के समस्तीपुर में भी जमुई जैसी घटना हुई है। बीच सड़क पर कुछ लड़कों ने एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी की।

लड़की उन लोगों से बार-बार छोड़ने के लिए कहती है, लेकिन लड़के कभी उसका हाथ पकड़ते हैं तो कभी उसे जबरन खींच कर दूसरी ओर ले जाते हैं।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। ये वीडियो कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी के बाइपास बांध के पास का बताया जा रहा है।

बदसलूकी का वीडियो बुधवार की रात करीब साढ़े 10 बजे समस्तीपुर पुलिस के संज्ञान में आया। जिसके बाद पुलिस ने कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर छापेमारी की।

एसपी अरविंद प्रताप ने बताया कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। उनसे पूछताछ हो रही है।

पहले बीच सड़क लड़की से छेड़खानी की कुछ तस्वीरें देखिए

वीडियो में क्या है अब वो जानिए

56 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की सड़क पर खड़ी है। उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं। वो उनसे बचने की कोशिश करती है।

बनियान पहने एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता दिख रहा है। लड़की के विरोध करने पर एक लड़का उसे मारने की कोशिश करता है।

बीच सड़क ये सब तमाशा होता लेकिन कोई सामने नहीं आता। लड़की बार-बार कहती है कि मुझे छोड़ दो, लेकिन लड़के उसे जाने नहीं देते हैं।

लड़की कहती है कि रूको मैं अपने भाई को बुलाती हूं। इस पर लड़के कहते हैं कि ठीक है बुलाओ। वीडियो के अंत में दिख रहा है कि एक लड़का बाइक के सहारे खड़ा है।

बाइक के पास खड़ा लड़का मोबाइल चलाता दिख रहा

नाबालिग खुद को बचाकर जिस लड़के के पास पहुंचती है, वो मोबाइल चलाता दिख रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वो लड़का नाबालिग के साथ ही है।

वो फोन में किसी का नंबर निकालकर उससे बात करने की कोशिश कर रहा है। नाबालिग लड़के के पास जाकर चुपचाप खड़ी हो जाती है, आरोपी भी उसके पास खड़े हो जाते हैं।

SP बोले- 4 लड़के पकड़े गए है

समस्तीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। 4 लोग पकड़े गए हैं, 3 की पहचान हुई है। इनमें एक वार्ड मेंबर भी है।

आरोपी विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार, जगतसिंहपुर का वार्ड सदस्य दिलीप राम गिरफ्तार हुआ है।

पुलिस वीडियो में दिख रही नाबालिग की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ये भी पता लगाने लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब का है।

वारदात पर सियासत गरमाई

पूरे मामले को लेकर बिहार की सियासत भी गरमा गई है। विपक्ष जहां सरकार को घेर रही है, वहीं सत्ता पक्ष कार्रवाई किए जाने की बात कर रहा है।

  • RJP प्रवक्ता शक्ति यादवः बिहार में बेटियां सेफ नहीं हैं। जमुई का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब समस्तीपुर में वैसा ही कांड हुआ है। पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है।
  • कांग्रेस प्रवक्ता असितनाथः मामला जमुई तक सीमित नहीं रहा है। अब समस्तीपुर में घटना हुई है। जब सत्ता में दुर्योधन बैठेंगे तो सड़क पर दुशासन चीरहरण तो करेंगे ही।
  • JDU MLA श्याम रजक: निश्चित तौर पर ये चिंता करने वाली बात है लेकिन इसका सामाजिक पहलू भी है। वो एक अलग चीज है, उस पर चर्चा हो सकती है। इस मामले में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है, कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे भी कठोर कार्रवाई होगी।